
40 स्कूल बसों का किया निरीक्षण, 9 बसों में मिलीं कमियां, एक बस जब्त, 10 हजार जुर्माना
हवाई पट्टी के पास गड्ढे में मिली लाश, शिनाख्त में जुटी पुलिस, नरवर में पकड़ा 8 फीट का अजगर
शिवपुरी। स्कूलों का संचालन शुरू होने के साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने भी स्कूल बसों का चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने 40 स्कूल बसों की चेकिंग की, जिसमें एक बस को जब्त कर 8 बसों पर चालानी कार्यवाही करते हुए 10 हजार रुपए समन शुल्क वसूला। वहीं झांसी रोड पर हवाई पट्टी के पास बने गड्ढे में एक अज्ञात लाश मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं नरवर के गुरुवार को सर्प मित्र सलमान पठान ने एक 8 फीट लम्बा अजगर का रेस्क्यू कर उसे जंगल छोड़ा।
ट्रैफिक प्रभारी रणवीर यादव ने आज विभिन्न चेकिंग प्वाइंट लगाकर स्कूल बसों की जांच पड़ताल शुरू की। जांच की जद में आईं 40 बसों में से 8 बसों पर जुर्माना कार्यवाही की गई, जबकि मदर हॉस्टल की बस का बीमा व परमिट ना होने पर उसे जब्त कर लिया। शेष जिन स्कूल बसों पर कार्यवाही की गई, उनमें बुद्धि बूस्टर, नारायणा स्कूल, सेंट चार्ल्स, सेंट बेनेडिक्ट, किड्स गार्डन, जैक एंड जिल, ईस्टर्न हाईट एवं गणेशा ब्लेस्ड की बसें शामिल हैं।
जैक एंड जिल स्कूल की बस बिना फिटनेस मिली जिस पर ₹5000 का जुर्माना किया। मदर हॉस्टल स्कूल की वैन बिना फिटनेस जप्त की गई है एवं सेंड बेनेडिक्ट स्कूल की बस में कई खामियां पाई गई जिससे उसकी फिटनेस रद्द करने के लिए आरटीओ को लेटर जारी किया गया है।
हवाई पट्टी के पास गड्ढे में नजर आई लाश::
शिवपुरी शहर के देहात थानान्तर्गत झांसी रोड पर हवाई पट्टी के पास स्थित पानी के एक गड्ढे में गुरुवार की शाम एक लाश नजर आई। लाश किसी युवक की है, जो फूल चुकी थी। मृतक के शरीर पर कपड़े हैं, जिससे यह तो तय है कि वो नहाने के लिए गड्ढे में नहीं उतरा था।पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजकर मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए, तो देर शाम उसकी पहचान पुरानी शिवपुरी के 20 वर्षीय जाहिद खान के रूप में हुई। बताया जाता है कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।







