July 9, 2026
भाजपा पार्षदों को 6 दिन से निर्णय का इंतजार, नपाध्यक्ष भोपाल तारीख पर, जनता देख रही मैच

भाजपा पार्षदों को 6 दिन से निर्णय का इंतजार, नपाध्यक्ष भोपाल तारीख पर, जनता देख रही मैच

जिलाध्यक्ष बोले: अब हार्ड कॉपी कहां चल रही, सोशल मीडिया का जमाना है, प्रिंट निकाल कर दे दो जवाब

शिवपुरी। नगरपालिका शिवपुरी में भाजपा के 12 पार्षद पार्टी के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि भाजपा जिलाध्यक्ष ने कारण बताओ नोटिस में 3 दिन का समय दिया था। अब 6 दिन गुजरने के बाद भी जिलाध्यक्ष कह रहे कि अब हार्ड कॉपी का जमाना नहीं है, सोशल मीडिया से प्रिंट निकालो, और जवाब दे दो। उधर नपाध्यक्ष गुरुवार को भोपाल के नगरीय प्रशासन में लगी तारीख पर गईं हैं। शहर विकास की एजेंसी नपा शिवपुरी में चल रहे मैच को जनता देखने के साथ ही कष्टों में अपने दिन गुजार रही है। हालात देखकर तो ऐसा लगता है कि जिलाध्यक्ष उस दिन नारे सुनकर भावनाओं में कुछ ज्यादा बह गए थे, अब पार्षद पूछ रहे कि क्या हुआ..?
बीते 4 जुलाई की उस शाम को मैं भी माधव चौक पर खड़ा था, जब एक ऑटो में एनाउंसमेंट चल रहा था कि शिवपुरी को मिल रही ढाई हजार करोड़ की सौगात के भूमिपूजन में अवश्य पधारें, इसी बीच आवाज आई गली-गली में शोर हे-नपाध्यक्ष चोर है। पुलिस सहायता केंद्र के पास हो रही इस नारेबाजी को सुनकर ऑटो में चल रही आमंत्रण की आवाज बंद हो गई। इसे शहर का दुर्भाग्य ही कहेंगे कि भाजपा के सीएम, सांसद, विधायक व नपाध्यक्ष होने के बावजूद भाजपा के 12 पार्षद इस तरह के नारे लगाते हुए बाजार में तब घूमे, जब शहर की जनता को कार्यक्रम में बुलाने के लिए प्रभारी मंत्री पीले चावल बांट रहे थे। नारे सुनते ही भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव ने अपनी फेसबुक आईडी पर भाजपा के पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी करके 3 दिन में जवाब माँगा। अब यह तो हास्यास्पद है कि जसमंत जाटव, पार्षदों से नारे लगाने का कारण पूछ रहे हैं, जबकि मातोश्री में हुई बैठक में उन्होंने खुद ही रजिस्टर पर नपाध्यक्ष को हटाने की मांग पार्षदों की तरफ से लिखी थी।

भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव से सीधी बात:

सवाल: पार्षदों को दिए नोटिस में 6 दिन गुजर गए, क्या हुआ उसमें?
जवाब: मैं पिछले दो-तीन दिन से व्यस्त था, अब मैं पता करवाता हूं कि उनका क्या जवाब आया है।
सवाल: कुछ पार्षदों का कहना है कि उन्हें नोटिस की हार्ड कॉपी मिली ही नहीं, तो फिर?
जवाब: आजकल हार्ड कॉपी चल कहा रही है, सोशल मीडिया पर ही सब कुछ है। प्रिंट निकलवाओ और जवाब दे दो।
सवाल: तो फिर क्या मानें निर्णय?, वैसे नपाध्यक्ष भी आज भोपाल गई हैं?
जवाब: हां, आज नगरीय प्रशासन में उनकी तारीख है। मैं पता करवाता हूं कि क्या जवाब आया, यदि नहीं आया तो मंगवाएंगे, फिर बात करेंगे।

जो मुझे (सैमुअल दास) समझ आया::

करोड़ों के प्रोजेक्ट के भूमिपूजन की तैयारी के बीच पार्षदों की नपाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी से संगठन में हलचल मची, तो जिलाध्यक्ष ने पूर्व से बने नोटिस जारी कर दिए। अब वो नोटिस गले की हड्डी बन गए, ना उगल पा रहे, ना निगल पा रहे।

भाजपा पार्षद, जिन्हें जिलाध्यक्ष ने दिया था नोटिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page