
ट्रैफिक पर प्रभारी ने बनाया रूट चार्ट, जिसमें भीड़ लाने वाली बसों के बताए पार्किंग ठिकाने
शिवपुरी। आगामी 5 जुलाई यानि रविवार को प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी के पोलो ग्राउंड में आ रहे हैं। उनके आगमन को लेकर शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक उनके आने से 1 घंटा पहले तथा कार्यक्रम समाप्ति के एक घंटे बाद तक बंद रहेगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रभारी मंत्री को ट्रैफिक प्रभारी ने जो रूट चार्ट दिखाया है, उसमें केवल सीएम के कार्यक्रम में भीड़ लाने वाली यात्री बसों के आगमन व उनकी पार्किंग के स्थान बताए गए हैं। उसमें यह नहीं बताया कि शहर की जनता किन रास्तों से होकर आ-जा सकती है। ऐसे में हमारा तो यही कहना है कि रविवार की छुट्टी है, तो घर में ही रहकर दिन गुजारो, बाजार में निकले तो पुलिस रोकटोक करती रहेगी।
आगामी 5 जुलाई को जिला शिवपुरी में मुख्यमंत्री मप्र शासन डॉ.मोहन यादव का कार्यक्रम प्रस्तावित है. जिसको दृष्टिगत रखते हुए रविवार को शिवपुरी शहर की यातायात एवं मार्ग व्यवस्था इस प्रकार रहेगी::
- हवाई पट्टी से झांसी तिराहा, गुरुद्वारा, राजेश्वरी रोड, M M चौराहा तक ये रास्ता मुख्यमंत्री के आगमन से 1 घंटे पूर्व एवं कार्यक्रम समाप्ति से 1 घंटे बाद तक यह रास्ता सुरक्षा की दृष्टि से आमजन के लिए डाइवर्ट रखा जाएगा। इस मार्ग पर चार पहिया वाहन एवं भारी वाहन बंद रहेंगे।
- कोलारस- बदरवास से आने वाली बसें गुना नाका,पोहरी चौराहा, स्टार गोल्ड होटल के सामने से विवेकानंद रोड होते हुए गांधी पार्क एवं रेलवे ग्राउंड में पार्क की जाएगी।
- करेरा, पिछोर की तरफ से आने वाली सभी बसें कर्बला, दो बत्ती,करौंदी सम्पबेल,ग्वालियर बायपास,स्टार गोल्ड होटल के सामने से विवेकानंद कॉलोनी होते हुए गांधी पार्क में पार्क की जाएंगी।
- पोहरी, सतनवाड़ा, सुभाषपुरा की ओर से आने वाली बसें कटमई तिराहा होते हुए ग्वालियर बायपास स्टार गोल्ड होटल के सामने से विवेकानंद कॉलोनी होते हुए गांधी पार्क में पार्क की जाएंगी। जिले से आने वाली सभी बसें गांधी पार्क एवं रेलवे ग्राउंड में पार्क की जाएगी।
- करेरा, पिछोर, सतनवाड़ा, सुभाषपुरा की ओर से आने वाले सभी चार पहिया वाहनों की पार्किंग पुरानी अनाज मंडी कस्टम गेट पर रखी गई है।
- कोलारस,बदरवास एवं पोहरी की ओर से आने वाले सभी चार पहिया वाहनों की पार्किंग पुलिस परेड ग्राउंड में रखी गई है।
- वीआईपी पार्किंग पोलो ग्राउंड मंच के दाहिने तरफ की गई है। बारिश की स्थिति में यह पार्किंग कलेक्टर रोड पर की जाएगी।
नोट:आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहन जैसे एम्बुलेंस फायर ब्रिगेड एवं कोई भी मरीज उसे इन रास्तों पर जाने से नहीं रोका जाएगा।
जिले भर से भीड़ लाने की तैयारी:
ट्रैफिक प्रभारी रणवीर यादव द्वारा आज जो रूट चार्ट जारी किया है, उसमें चारों दिशाओं से भीड़ लेकर आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था बताई गई है। इससे यह स्पष्ट है कि शिवपुरी शहर की जनता इस कार्यक्रम में आएगी, इसका भरोसा नेताओं के अलावा प्रशासन को भी नहीं है, इसलिए पूरे जिले से भीड़ लाने की तैयारी है।









