
प्रभारी मंत्री ने पोलो ग्राउंड में देखा टैंट का काम, फिर पैदल निकले पर्चे बांटने, पीछे वाहनों का लम्बा काफिला
अडानी ग्रुप के डिफेंस मेन्युफेक्चरिंग उद्योग लगेगा कोलारस की भूमि पर, पूजन होगा शिवपुरी में, भीड़ जुटाने की कवायद
शिवपुरी। जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपने पायलेटिंग दौरे पर हैं। गुरुवार की शाम लगभग 5 बजे वो शिवपुरी शहर के पोलो ग्राउंड पर लग रहे टेंट व मंच का काम देखने पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा पहले पहुंच गए, जबकि एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया आखिरी समय में ग्राउंड पर पहुंचीं।
प्रभारी मंत्री के साथ शिवपुरी विधायक सहित अन्य स्थानीय नेता हाथों में रंग- बिरंगे पेम्प्लेट्स लेकर शहर के दुकानदारों को आमंत्रण देने पैदल निकले। एक तरफ मंत्री फोन पर बात भी कर रहे थे, साथ ही पेम्प्लेट्स देकर दुकानदारों से कार्यक्रम में आने की हाथ जोड़कर अपील भी कर रहे थे। इस दौरान पूर्व नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह जरूर हर दुकान पर जाकर पर्चा देकर हाथ जोड़कर आमंत्रित करते नजर आए, जबकि अन्य नेता अलग-अलग ग्रुप बनाकर रोड पर टहलते रहे। अग्रसेन चौक से राजेश्वरी रोड, गुरुद्वारा चौक, माधव चौक, कोर्ट रोड होते हुए अस्पताल चौराहे पर यह पैदल काफिला पहुंचा। राजेश्वरी रोड पर पीले चावल बांटने का काम किया गया।
पीएम की नसीहत ताक पर नजर आई::
एक तरफ देश के प्रधानमंत्री यह नसीहत दे रहे हैं कि मंत्री अपने वाहनों के काफिले को कम करें, ताकि डीजल-पेट्रोल की खपत कम हो। आज जब प्रभारी मंत्री के साथ स्थानीय नेता पैदल पर्चे बांट रहे थे तो उनके पीछे दो दर्जन से अधिक उनके चार पहिया वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। फोर व्हीलर जब धीमी गति चलते हैं, तो डीजल की खपत अधिक होती है। यानि पीएम की नसीहत के विपरीत इतने अधिक वाहन, वो भी अधिक खर्च कर रहे थे डीजल।
उद्योग कोलारस में, भूमिपूजन शिवपुरी में::
अडानी ग्रुप का डिफेंस मेन्युफेक्चरिंग उद्योग कोलारस के पगारा गांव में लगाए जाने की बात कही जा रही है। जिसका भूमिपूजन शिवपुरी के पोलो ग्राउंड में किया जा रहा है। जिसमें शिवपुरी शहर की जनता को बुलाए जाने के लिए पर्चे एवं पीले चावल बांटे जा रहे हैं। यह बात तो नेता भी जानते हैं कि शहर की जनता को ऐसे कार्यक्रमों में कोई दिलचस्पी नहीं है। भीड़ जुटाने के लिए तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ताओं के अलावा चौकीदार तो आएंगे ही, साथ ही प्रशासन के अधिकारियों को भी टारगेट दिए जाएंगे।







