July 3, 2026
सड़क उखाड़ अभियान में जुटा प्रशासन, शिवपुरी के मनियर व करेरा के दिनारा में अवैध कॉलोनी की खोड़ी सड़कें

सड़क उखाड़ अभियान में जुटा प्रशासन, शिवपुरी के मनियर व करेरा के दिनारा में अवैध कॉलोनी की खोड़ी सड़कें

पोहरी एसडीएम ने भी दबंगों से मुक्त कराई 150 बीघा पट्टे की जमीन, करेरा में पकड़ीं रेत की ट्रॉली

शिवपुरी। जिला प्रशासन अब एक्शन मोड में आने के साथ ही सड़कें खोदने में जुट गया। बुधवार को शिवपुरी के मनियर एवं करेरा के दिनारा में अवैध कॉलोनियों में बनाई गई डामर की सड़कों को जेसीबी से खोद दिया गया। उधर पोहरी एसडीएम ने भी 150 बीघा पट्टे की जमीन को दबंगों से मुक्त कराया। इतना ही नहीं, करेरा में अवैध रेत परिवहन करते हुए तीन ट्रेक्टर ट्रॉलियां जब्त की गईं।

कार्रवाई नम्बर: एक

एसडीएम शिवपुरी आनंद सिंह राजावत के निर्देशन में राजस्व टीम ने शिवपुरी के मनियर क्षेत्र में सर्वे क्रमांक 275 अवैध कॉलोनाइजर रेखा राय पत्नी भजनलाल राय एवं मनियर के सर्वे क्रमांक 259 अवैध कॉलोनाइजर शिवराजसिंह पुत्र रामजीलाल धाकड़ की अवैध कॉलोनी में जेसीबी द्वारा सड़कों को हटाया गया और कॉलोनाइजर को विधिवत अनुमति के साथ नियमानुसार कॉलोनी निर्मित करने के निर्देश दिए गए, अन्यथा संबंधित पर सख्त कार्यवाही होगी। साथ ही लोगों को भी हिदायत दी गई है कि वह अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने और अपनी पूंजी निवेश करने से बचें।

कार्रवाई नम्बर: दो

करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा एवं तहसीलदार ललित शर्मा के नेतृत्व में दिनारा के पिछोर रोड स्थित पीतांबरा आवासीय कॉलोनी में करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। सर्वे क्रमांक 1759, कुल रकबा 1.01 हेक्टेयर शासकीय भूमि का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि कॉलोनाइजर द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर कॉलोनी के भीतर सड़क का निर्माण कराया गया था। इस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से निर्मित सड़क को हटाया तथा शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर पुनः शासन के कब्जे में लिया। प्रशासन के अनुसार उक्त भूमि का बाजार मूल्य करोड़ों रुपए है।

कार्रवाई नम्बर: तीन

पोहरी अनुभाग के छर्च क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अनभौरा में वर्षों से कुछ व्यक्तियों द्वारा 64 पट्टाधारी आदिवासी परिवारों की 150 बीघा से अधिक भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। एसडीएम पोहरी जेपी गुप्ता के निर्देशन में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटाया तथा भूमि की जुताई कराकर संबंधित पट्टाधारियों को वास्तविक कब्जा दिलाया। अनभौरा ग्राम में अशोक कुमार पुत्र इंदरसिंह जाट 3.59 है.भूमि, जगवीर पुत्र गजेसिंह जाट 3.94 है.भूमि, दखो बेबा डब्लू 1.17 है.भूमि, बल्लू, टिंकू पुत्र लक्ष्मीनारायण 0.82 है.भूमि, विनीत कुमार पुत्र जयसिंह जाट 21.59 है. भूमि, जगराम पुत्र हल्ली 1.00 है. भूमि, श्रिया पुत्र हल्ली 0.63 है. भूमि पर अवैध रूप से काबिज थे जिन्हें हटाकर सभी 64 पट्टेधारियों को कब्जा दिलाया गया है।

कार्रवाई नम्बर: चार

एसडीएम करैरा अनुपम शर्मा एवं तहसीलदार ललित शर्मा के संयुक्त नेतृत्व में की गई कार्रवाई में लोकसेवा केंद्र के सामने टीला रोड पर अवैध रूप से खड़ी रेत से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जब्त किया। कार्रवाई के बाद सभी जब्त वाहनों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए करैरा थाना परिसर में सुरक्षित रखवाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सड़क उखाड़ अभियान में जुटा प्रशासन, शिवपुरी के मनियर व करेरा के दिनारा में अवैध कॉलोनी की खोड़ी सड़कें
अवैध कॉलोनी में सड़क खोदती प्रशासन की जेसीबी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page