
फिजिकल की दीवारों पर रामायण के पात्रों की पेंटिंग को रोशन करने वाली लाइटें ले गए चोर
उधर राम मंदिर में चंदा चोरी, इधर रामायण के पात्रों को किया अंधेरे में, सामने हैं मजिस्ट्रेटों व अधिकारियों के बंगले
शिवपुरी। शिवपुरी शहर को बर्बाद करने पर उतारू चोरों ने फिजिकल ग्राउंड की बाउंड्री पर बनीं रामायण के पात्रों की पेंटिंग को रोशन करने वाली लाइट ही चुरा ली। चलती रोड के किनारे रोशनी चुराने वाले इन चोरों की हिम्मत इतनी अधिक है कि सामने स्थित मजिस्ट्रेटों के बंगलों पर गार्ड तैनात रहे, फिर भी चोर अपना काम कर गए। महत्वपूर्ण बात यह है कि शहर में कुछ अच्छा हो, ऐसा तो लोग प्रयास नहीं करते, लेकिन जो अच्छा किया गया है, उसे बर्बाद करने में लगे हुए हैं।
गौरतलब है कि फिजिकल ग्राउंड की बाउंड्री की दीवार पर रामायण के पात्रों की आकर्षक पेंटिंग की गई है। यह सुंदर पेंटिंग दिन के अलावा रात में भी लोगों को नजर आए, उसके लिए प्रत्येक चित्र के ऊपर नीचे की तरफ झुकी हुई कवर्ड लाइटें लगाई गईं। इन सभी लाइटों को प्लास्टिक पाइप के अंदर बिजली के तारों से जोड़ा गया था। रात होते ही इस रोड पर आकर्षक चित्रकारी जब लाइट से जगमगाती थी, तो यहां से गुजरने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती थी। इतना ही नहीं इन चित्रों के पास ही बैठने के लिए बैंच भी रखी हुई हैं। रात के समय लोग अपने परिवार सहित घूमने आते थे, तथा इन आकर्षक लाइटिंग के बीच पेंटिंग के साथ फोटो आदि भी खींचते थे।
शहर की इस रोड पर हुए इस आकर्षक काम पर भी नशेड़ी टाइप चोरों की नजर पड़ गई। बीती रात चोरों ने पानी की टंकी के पास स्थित फिजिकल के गेट से लेकर दो नंबर गेट तक जितनी भी पेंटिंग के ऊपर लाइट लगी थी, उसे चुराने के साथ ही उनके कनेक्शन करने वाले तार व प्लास्टिक के पाइप तक उखाड़ कर ले गए। लगभग 150 मीटर दूरी तक की लाइट व तार चोरी कर लेने से अब यह आकर्षक पेंटिंग रात के अंधेरे में नजर नहीं आती। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रोड पर भले ही अधिकारियों के बंगले हैं, लेकिन इस रोड की स्ट्रीट लाइटें भी बंद हैं, जिसके चलते चोरों को आसानी हो गई।
नशेड़ी चोर कर रहे शहर बर्बाद:
शिवपुरी शहर में सुंदरता का कोई काम अधिक समय तक नहीं रह पाता, क्योंकि नशेड़ी चोर अपने नशे की पूर्ति करने के लिए उजाड़ करने से परहेज नहीं कर रहे। नालियों पर रखे जाने वाले सीमेंट के ढक्कनों को तोड़कर उसमें से लोहा निकालकर यह चोर स्मैक की पुड़िया खरीद रहे हैं। जब तक नशे पर अंकुश नहीं लगेगा, तब तक यह नशेड़ी चोर शहर को यूं ही बर्बाद करते रहेंगे।







