June 13, 2026
img_20260613_1849586046376512058593715.jpg

दिलीप के खिलाफ मगरौनी चौकी में दर्ज कराया था विधायक ने प्रकरण, असमंजस में लोग: क्रेशर में जसमंत का नाम, तो फिर विधायक टारगेट पर क्यों?
शिवपुरी। जिले की करेरा तहसील एवं एसडीएम ऑफिस के बाहर पूर्व पार्षद दिलीप यादव के नेतृत्व में लगभग एक सैकड़ा महिला-पुरुष शनिवार को इकठ्ठा हुए। कुछ देर बाद दिलीप ने कहा कि पूर्व एसडीएम को वापस लाओ व विधायक मुर्दाबाद। वहां मौजूद लोगों की समझ में यह नहीं आया कि पूर्व एसडीएम अनुराग के ट्रांसफर में सहयोग की चर्चा जसमंत जाटव के नाम की चल रही है, तो फिर फिल्म में विधायक कैसे आ गए?। जब हमने मालूम किया तो पता चला कि पूर्व पार्षद दिलीप यादव के खिलाफ मगरौनी पुलिस चौकी में एक माह पूर्व विधायक ने एक मामला दर्ज कराया था।
आज दोपहर करेरा एसडीएम कार्यालय परिसर में पूर्व पार्षद दिलीप यादव के नेतृत्व में महिला-पुरुष इकठ्ठा हुए। दिलीप के हाथ में एक ज्ञापन था। कुछ देर बाद दिलीप ने नारे लगाए कि हटाए गए पूर्व एसडीएम अनुराग निगवाल को वापस लाओ-वापस लाओ। यहां तक तो लोगों को समझ आया कि पूर्व एसडीएम अनुराग से दिलीप की मित्रता रही होगी, तो शायद उनकी वापसी के लिए यह सब किया जा रहा हो। इसके कुछ देर बाद ही दिलीप ने नारे लगाए कि विधायक रमेश खटीक मुर्दाबाद। यह नारा सुनते ही वहां मौजूद लोगों की समझ में नहीं आया कि आखिर एसडीएम की रवानगी में विधायक का क्या रोल रहा है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों क्रेशर में हुए धमाके के बीच हवा में उड़े पत्थरों से नाराज ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया था। जिसके बाद एसडीएम ने रात में जाकर क्रेशर को सील कर दिया था। उसके अगले दिन सुबह ही एसडीएम का जिला मुख्यालय अटैच करने का फरमान कलेक्ट्रेट से जारी हो गया था। चूंकि क्रेशर में भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव की भागीदारी बताई जा रही थी, इसलिए चर्चा यह रही कि जिलाध्यक्ष ने यह ट्रांसफर करवाया है। आज जब विधायक मुर्दाबाद के नारे लगे, तो सभी के लिए अप्रत्याशित था। बाद में पता चला कि पूर्व पार्षद दिलीप यादव के विरुद्ध मगरौनी चौकी थाना नरवर में 4 मई 2026 को एक प्रकरण हाकिम रावत ने दर्ज कराया है, जिसमें कारण लिखा है कि विधायक रमेश खटीक के खिलाफ दिलीप ने सोशल मीडिया पर कई गलत पोस्ट डाली है।
नवागत एसडीएम को सौंपा ज्ञापन:
करेरा एसडीएम के रूप में अनुपम शर्मा ने प्रभार संभाल लिया है। जिस समय नारेबाजी हो रही थी, अनुपम शर्मा अपने ऑफिस में बैठे थे। पूर्व पार्षद दिलीप यादव ने जब अनुराग निगवाल को वापस लाए जाने का ज्ञापन वर्तमान एसडीएम अनुपम शर्मा को सौंपा, तो खुद एसडीएम भी मुस्कुरा दिए।

करेरा एसडीएम कार्यालय परिसर में हो रही नारेबाजी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page