करेरा-भितरवार रोड पर शुक्रवार की रात 8:30 बजे हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, चालक फरार
शिवपुरी। जिले के करेरा अनुविभाग के एसडीओपी (आईपीएस) आयुष जाखड़ के ट्रांसफर की खबर से शायद रेत माफिया बेहद खुश हो गए। जिसके चलते एक डंपर चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए 4 लोगों को कुचल दिया, जिसमें 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चौथा गम्भीर घायल है। हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया।
करेड़ा-भितरवार रोड पर ग्राम हाजीनगर के पास शुक्रवार की रात लगभग 8:30 बजे जब लोग सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे, तभी करेरा की तरफ़ से एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े 4 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें हाजीनगर निवासी लोटन पुत्र गजराज गुर्जर, दतिया जिले के लेतरा निवासी रवि उर्फ रविंद्र पुत्र बलवान यादव एवं केशव पुत्र बनमाली केवट की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में हाजीनगर निवासी पेरू गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गया। चूंकि यह हादसा अधिक रात का नहीं था, तथा स्थानीय लोग भी मौजूद थे, इसलिए डंपर चालक मौके से फरार हो गया। करेरा पुलिस ने डंपर क्रमांक एमपी33-एचए 3600 को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद करेरा के ग्राम हाज़ीनगर एवं दतिया के ग्राम लेतरा में मातम पसर गया।
ज्ञात रहे कि जब तक आयुष जाखड़ करेरा एसडीओपी के पद पर रहे, उन्होंने रेत परिवहन पर बहुत हद तक प्रतिबंध लगा दिया था। अब उन्हें जबलपुर एडिशनल एसपी बनाया गया है, तथा उनके ट्रांसफर का आदेश शुक्रवार की देर शाम ही आया था।






