
कोलारस पुलिस की सक्रियता से एक मां को वापस मिला उसके कलेजे का टुकड़ा, अपहरणकर्ता भी दबोचे
जावरा रतलाम से अलसुबह 6 माह के बच्चे को लेकर फरार हुए महिला-पुरुष को रात 2 बजे यात्री बस में से पकड़ा
शिवपुरी। यूं तो पूरनखेड़ी टोल प्लाजा विवादों के लिए चर्चित है, लेकिन बीती रात इस टोल प्लाजा पर यात्री बस को रोककर उसमें से एक मां के कलेजे के टुकड़े को पुलिस ने बरामद किया। रतलाम जावरा से अपहरण करने वाले आरोपी महिला- पुरुष को भी पुलिस ने पकड़कर रतलाम पुलिस के हवाले कर दिया। महत्वपूर्ण बात यह है कि आरोपी झालावाड़ राजस्थान के रहने वाले हैं, लेकिन वो बच्चे को लेकर दिल्ली जा रहे थे, इससे लगता है कि आरोपी बच्चे को किसी डिमांड के अनुरूप लेकर जा रहे थे।
शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया को रतलाम पुलिस से शुक्रवार को सूचना मिली कि थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में शाहिल नट (निवासी राहतगढ़ जिला सागर) ने अपनी पत्नी साहिन नट के साथ रिपोर्ट की है कि अलसुबह 4 बजे उनके 6 माह के बेटे का किसी ने उस समय अपहरण कर लिया, जब वो रात में बाहर सो रहे थे। इस सूचना के आधार पर एसपी भूटिया ने हाइवे के पुलिस थानों को एक्टिव रहकर यात्री वाहनों की जांच के निर्देश दिए।
रात 2 बजे यात्री बस में मिला अपह्रत मासूम:
छह माह के मासूम के अपहरण की खबर से अलर्ट कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा, कोलारस टीआई गब्बर सिंह, बदरवास टीआई शिखा तिवारी व लुकवासा चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा की टीम ने पूरनखेड़ी टोल नाके से गुजरने वाली यात्री बसों के अलावा लोडिंग वाहनों की चेकिंग शुरू की। रात 2 बजे कमला बस की चेकिंग के दौरान एक महिला की गोद में 6 माह का मासूम नजर आया, तथा महिला के चेहरे के हावभाव देखकर पुलिस समझ गई कि यही वो अपहृत मासूम है। उस महिला के साथ एक पुरुष व एक किशोर बालक भी था, जिन्हें टोल नाके पर उतारकर जब पूछताछ की तो उन्होंने मासूम रिहान का अपहरण करना स्वीकार किया। बच्चे की बरामदगी की सूचना रतलाम पुलिस को दी गई।
पति-पत्नी नहीं हैं यह अपहरणकर्ता:
रतलाम में जाबरा वो जगह है, जहां पर लोग आस्था के चलते आते हैं। शाहिल नट व उसकी पत्नी अपने 6 माह के रिहान को लेकर 15 दिन से वहां रुके होने के साथ बाहर ही सोते थे। इस बीच बच्चा चुराने वाले इस गिरोह की नजर उन पर पड़ गई। जिन लोगों ने मासूम का अपहरण किया, वो पति-पत्नी नहीं हैं। आरोपी निजाम मंसूरी पुत्र कल्लू मोहम्मद नि. बंजारा मोहल्ला झालावाड़ राजस्थान एवं महिला रूपा रेगर पत्नी दिनेश रेगर नि. मंगलपुरा झालावाड़ राजस्थान, के अलावा निजाम का 13 वर्षीय पुत्र भी साथ में था। यह आरोपी मासूम रिहान को लेकर दिल्ली जा रहे थे। संभवतः आरोपियों ने किसी परिवार से चोरी का बच्चा देने की बड़ी डील की होगी। आगे की पूछताछ रतलाम पुलिस करेगी।






