June 7, 2026
कुछ कर जाओ-इस शहर के लिए:: दावे तो पेरिस बनाने के भी कर चुके हैं शहरवासियों से नेता

कुछ कर जाओ-इस शहर के लिए:: दावे तो पेरिस बनाने के भी कर चुके हैं शहरवासियों से नेता

कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाने में ट्रैफिक तो सुधार लोगे, बरसात में खुदी सड़क पर गिरेंगे लोग

शिवपुरी। इस शहर को व्यवस्थित करने के लिए जब भी कार्ययोजना बनाकर दिखाई जाती है, तो आमजन में उसकी खुशी अधिक नहीं होती। ऐसा नहीं है कि लोग कुछ अच्छा होता देखना नहीं चाहते, लेकिन पिछले कई वर्षों में शिवपुरी पर इतने प्रैक्टिकल किए गए, कि अब यह शहर प्रयोगशाला नजर आने लगा। शहरवासियों को पेरिस बनाने का सपना भी हमारे नेता दिखा चुके हैं, जबकि जनता का कहना है कि इसे वो शिवपुरी ही रहने देते, जो बरसों पूर्व हुआ करती थी। हालांकि पुलिस एवं प्रशासन के दोनों अधिकारी बैठते कम और घूमते ज्यादा हैं, इसलिए यह उम्मीद की जा सकती है कि इस बार कुछ बेहतर होकर वो यथावत आगे भी चलेगा।
कोई भी आईएएस या आईपीएस किसी जिले में 2-3 साल के लिए आता है। उसे जनता के बीच काम करने का अवसर मिलता है, और यदि वो बेहतर काम करता है, तो उसे शहर की जनता हमेशा याद रखती है। जनता का सर्टिफिकेट उन प्रमाण पत्रों से अधिक कीमती होता है, जो हर साल 15 अगस्त व 26 जनवरी पर थोकबंद बांटे जाते हैं। शिवपुरी शहर की जनता पूर्व कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव का कार्यकाल आज भी याद करते हुए कहती हैं कि यदि वो होते तो शहर बहुत खूबसूरत हो जाता। आईएएस व आईपीएस के पास जिले की कमान संभालते समय इस प्रमाण पत्र का अवसर रहता है, वरना वल्लभ भवन एवं पीएचक्यू में कई आईएएस व आईपीएस फाइलें निपटा रहे हैं।
कोर्ट रोड पर अभी तक बहुत प्रैक्टिकल किए गए, जिनकी मॉनिटरिंग करने वालो के वसूली में लग जाने की वजह से व्यवस्था बिगड़ती रही है। लाइनिंग व पार्किंग से ट्रैफिक व्यवस्था तो सुधरने की उम्मीद है, लेकिन पानी की लाइन के नाम पर खोदी गईं सड़कों को बारिश से पहले सुधरवा दिया जाए, अन्यथा बरसात के दिनों में लोग इन खुदी सड़कों पर पैदल चलने में ही गिरकर चोटिल होंगे।

जहां पहले से अच्छी सड़क वहां बना रहे::

शहर का मुख्य बाजार पानी की पाइप लाइन के फेर में खोद दिया गया। बरसात के दौरान जलभराव के बीच खुदी सड़क न दिखने से लोग गिरकर चोटिल होंगे। अभी छत्री रोड एवं कर्बला से टूरिस्ट विलेज तक की सड़क, जो पहले से अच्छी थी, उसे दुबारा बनाया जा रहा है। यदि शहर के लिए कुछ अच्छा करना चाहते हों तो डामर और गिट्टी को अच्छी सड़कों पर बर्बाद करने की बजाए उन सड़कों को बनाने में उपयोग किया जाए, जहां से होकर हर दिन एक से डेढ़ लाख लोग निकलते हैं।

शिवपुरी पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page