
पुलिस ने लौटाई 120 लोगों की खोई हुई जिंदगी: साइबर सेल ने ढूंढ निकाले खोए हुए मोबाइल
30 लाख रुपए कीमत के मोबाइल पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में मिले, दूसरे राज्यों से भी हुए बरामद
शिवपुरी। आज के दौर के मोबाइल लोगों के लिए इतना जरूरी हो गया है कि यदि वो खो जाए तो ऐसा लगता है कि जैसे जिंदगी ही खो गई। मनोरंजन से लेकर देश की खबरों से अपडेट एवं अपने लोगों से कभी भी बातचीत इस डिब्बे की मदद से कर सकते हैं। शिवपुरी के 120 लोगों के मोबाइल पिछले कुछ महीनों में गुम हो गए थे, जिसकी रिपोर्ट या आवेदन पुलिस में दिया गया था। गुम हुए मोबाइलों को ढूंढने में शिवपुरी की सायबर टीम लगी, तो एक-एक करके 120 मोबाइल ढूंढ निकाले। जिनका वितरण बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया की मौजूदगी में किया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे पर चमक आ गई।
शिवपुरी सायबर सेल द्वारा जिले के आमजन के 120 मोबाइल कीमती करीबन 30 लाख रुपए के बरामद किए हैं। सायबर सेल शिवपुरी द्वारा लोगों द्वारा सूचना दी गई थी कि उनके मोबाइल अलग-अलग जगह पर अलग अलग समय अंतराल मे गुम/गिर गए हैं, पुलिस द्वारा संज्ञान लेते हुए एवं सायबर टीम की मदद लेकर राज्य के विभिन्न जिलों एवं अन्य राज्यों उत्तर प्रदेश, राजस्थान. बिहार महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा एवम् दिल्ली से खोए हुए मोबाइल वापस प्राप्त कर मोबाइल मालिकों को वापस मिल पाए हैं, जिनकी कीमत करीबन 30 लाख रुपए है, जिसके तहत एप्पल कंपनी का आईफोन कीमत करीबन 1 लाख भी खोने के 1 दिन बाद ही शिवपुरी के एक सज्जन व्यक्ति की मदद से वापिस लौटाया गया।आमजन मे इस बात की खुशी है कि उनके खोए हुए मोबाइल भी मिल सकते हैं और पुलिस द्वारा खोए/गुम हुए मोबाइलों की बरामदी हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं। सायबर सेल शिवपुरी द्वारा विगत वर्ष 2025 में भी करीब 700 मोबाइल फ़ोन बरामद कर लोगों को वापिस दिए गए है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं सायबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जाट भी उपस्थित रहे।
मोबाइल ढूंढने में इनकी रही भूमिका:
सायबर सेल प्रभारी उनि धर्मेन्द्र सिंह जाट ,प्रआर. विकास सिंह चौहान, आर.आलोक व्यास, दामोदर परिहार, जलज रावत, भूपेन्द्र यादव की सराहनीय भूमिका रही।







