
अब सामने आएंगे भूमाफियाओं के खेल, पिछले 5 साल का निकलवा रहे जमीनों का रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटे की घटनाएं: गोचोनी में खेत में मिला युवक का शव, बदरवास में लूट, पोहरी के पिपरघार में युवक ने जहर खाकर दी जान::
शिवपुरी। जिले में सबसे अधिक जमीनों के मामले उलझे पड़े हैं, जिनमें भूमाफिया के साथ पूरा रैकेट काम कर रहा है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने ज्वाइन करने के बाद अधीनस्थों को पहले ही अपडेट कर दिया, और अब जिले में सक्रिय भूमाफियाओं का नम्बर है। मंगलवार को कलेक्टर ने राजस्व के अमले को निर्देशित किया है कि मुझे पिछले 5 साल में जमीनों में क्या- कुछ हुआ?, उसका रिकॉर्ड चाहिए।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने प्रतिबंधित एवं नियंत्रित श्रेणी की भूमियों के अवैध हस्तांतरण, पंजीयन एवं नामांतरण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिले के सभी उप पंजीयकों, तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश जारी किए हैं। जिसमें कहा गया कि जिले में अहस्तांतरणीय भूमि, पट्टे की भूमि, शासन प्रदत्त भूमि, भूदान भूमि तथा अन्य प्रतिबंधित श्रेणी की भूमियों के संबंध में विधिक प्रावधानों की उपेक्षा कर विक्रय विलेखों का पंजीयन एवं नामांतरण किए जाने के मामलों से शासन के हितों एवं स्वामित्व को क्षति पहुंचने की संभावना बनी रहती है। मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता, 1959 के अनुसार प्रतिबंधित श्रेणी की भूमि का हस्तांतरण कलेक्टर अथवा सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना नहीं किया जा सकता। इसलिए निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी किसी भी भूमि के दस्तावेज का पंजीयन करने से पूर्व सक्षम अनुमति का अनिवार्य रूप से परीक्षण किया जाए।
भंडारा खाकर खेत पर सोने गया, मिला मृत:
पिछोर की हिम्मतपुर चौकी अंतर्गत ग्राम गोचोनी में रहने वाला पवन लोधी (27) सोमवार की रात परिवार में हुए भंडारे में भोजन करके खेत की रखवाली करने चला गया था। सुबह पवन की लाश खेत में मिट्टी पर पड़ी मिली। उसका टूटा हुआ मोबाइल लाश से 50 फीट की दूरी पर पड़ा मिला। परिजनों ने पवन की हत्या करने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद कुछ कह पाएंगे।
शादी से लौटते समय रास्ते में लूट लिया:
बदरवास थाना अंतर्गत ग्राम खाईखेड़ा निवासी बद्रीप्रसाद जाटव पनवाड़ी में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद रात 8 बजे बाइक से घर लौट रहा था। जब उसकी बाइक सड़ नदी पुल के पास पहुंची तो उसे बदमाशों ने रोक लिया, तथा उसे हथियार दिखाकर उसकी जेब से 1 हजार रुपए, सोने की अंगूठी व मोबाइल लूट लिया। बदमाश शातिर थे, तथा लूटा गया मोबाइल झाड़ियों में फेंककर भाग गए।
युवक ने खाया सल्फास, हुई मौत:
पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरघार में रहने वाले 18 वर्षीय गोविंद धाकड़ ने सोमवार की शाम को सल्फास की गोलियां खा लीं। जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गोविंद ने जहर क्यों खाया, यह अभी ज्ञात नहीं है।







