
सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में मिली युवक की लाश, चेंबर से होकर प्लांट तक पहुंचने की आशंका
ग्वालियर से शिवपुरी आ रही स्लीपर कोच में लगी आग, आधी रात के बाद बदला मौसम, पारा गिरा
शिवपुरी। झांसी-शिवपुरी लिंक रोड पर बांकडे मंदिर के मोड़ पर स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में सोमवार की सुबह एक युवक की लाश मिलने से दहशत फैल गई। उधर ग्वालियर से शिवपुरी आ रही स्लीपर कोच में पनिहार के पास बीती रात आग लग जाने से पूरी बस धूं धूं के जल गई। इधर आधी रात को मौसम ने एकाएक करवट बदली, तथा रात से शुरू हुई रुक रुक बारिश सोमवार की सुबह तक होती रही। जिससे तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई।
शिवपुरी में अधूरा पड़ा सीवर प्रोजेक्ट भले ही जनता को लाभ न दिला पाया हो, लेकिन उसके ट्रीटमेंट प्लांट ने लाश उगलना शुरू कर दिया। आज सुबह प्लांट तक पानी पहुंचाने वाले टैंक में जब स्थानीय कर्मचारियों ने देखा तो उनके रोंगटे खड़े हो गए। क्योंकि उसमें कई दिन पुरानी एक युवक की लाश पड़ी थी। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकलवाया। युवक की लाश 10-12 दिन पुरानी लग रही है, जिसकी हत्या की आशंका है। ऐसा माना जा रहा है कि युवक को मारकर किसी सीवर चैंबर में डाल दिया गया, जो मेन लाइन से होकर प्लांट तक पहुँचा होगा। चूंकि लाश काफी पुरानी है, इसलिए उसकी शिनाख्त होने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
फिर आग का गोला बनी स्लीपर कोच:
ग्वालियर से शिवपुरी की ओर आ रही एक और स्लीपर कोच यात्री बस में रविवार की रात पनिहार पर टोल नाका क्रॉस करने के बाद आग लग गई। यह तो शुक्र था कि सभी यात्रियों को सकुशल निकाल लिया गया, क्योंकि देखते हो देखते यात्री बस आग का गोला बन गई थी। बस स्टैंड शिवपुरी पर यात्री बसों में लाइट का काम करने वाले एक मैकेनिक ने बताया कि गर्मी के बीच एसी के लगातार चलते रहने से इस तरह के हादसे हो रहे हैं, क्योंकि इस तरह की आग केवल एसी बसों में ही लग रही है।
बदला मौसम, गर्मी से कुछ राहत
नौतपा के सातवें और आठवें दिन के मध्य यानि रविवार की रात 12 बजे एकाएक आसमान पर छाए बादल बरसने लगे। उसके बाद से बारिश रुक रुक कर सुबह 9 बजे तक होती रही। इस दौरान आसमान पर छाए बादलों के बीच से सूरज ने निकलने का भी प्रयास सुबह 10 बजे किया, लेकिन कुछ देर धूप रहने के बाद फिर बादल छा गए। मौसम में हुए इस बदलाव के बीच लोगों को आधी रात में कूलर बंद करने पड़े, क्योंकि तापमान में 8 डिग्री की गिरावट आ गई थी। इसके बाद देर दोपहर को फिर से रिमझिम बारिश हुई, जिसके चलते सोमवार को लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। मौसम विभाग ने अभी आने वाले कुछ दिन भी ऐसा ही मौसम रहने का पूर्वानुमान बताया है। हालांकि इसके बाद गर्मी फिर से अपना प्रचंड रूप दिखाएगी।







