
लोड सेटिंग के नाम पर बिजली कंपनी की मनमानी, भीषण गर्मी में पंखे-कूलर बंद होने से रातों की नींद छीनी
सरपंच ने चक्काजाम की धमकी दी तो रात भर दी लाइट, दूसरे गांव में गुल रही बिजली, एई को हटाने सौंपा ज्ञापन
शिवपुरी। एक तरफ जहां गर्मी सितम ढा रही है, तो वहीं बिजली कंपनी की मनमानी ने लोगों की रात की नींद छीन ली है। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचल में लोड सेटिंग के नाम पर हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों को बीमार करना शुरू कर दिया। बिजली कंपनी की मनमानी को ऐसे समझा जा सकता है कि सिरसौद (करेरा) के सरपंच ने जब बिजली कटौती के विरोध में चक्काजाम की धमकी दी तो बिजली कंपनी के एई ने नया अमोला सहित अन्य गांव की बिजली रात भर गुल करके सिरसौद में पूरी रात भरपूर बिजली दी। जिसके खिलाफ गुरुवार को परेशान जनता ने जनपद सदस्य के साथ एसडीएम करेरा अनुराग निगवाल को ज्ञापन सौंपकर बिजली कंपनी के एई अखिलेश सिंह को हटाने की मांग की।
गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों से गर्मी का सितम टूट रहा है तथा पंखा- कूलर बंद होते ही लोग बेचैन हो जाते हैं। भीषण गर्मी के बीच शिवपुरी जिला मुख्यालय पर हर दिन किसी न किसी क्षेत्र की मेंटेनेंस के नाम पर 5 से 6 घंटे बिजली कटौती करने के अलावा दिन और रात में कब बिजली गुल हो जाए, कोई भरोसा नहीं है।यह हालात तब हैं, जब प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं।
धमकी से बदली कटौती से ओपन हुई मनमानी:
करेरा की ग्राम पंचायत सिरसौद में बिजली की अघोषित कटौती ने जब लोगों का दिन का चैन और रात की नींद छीन ली, तो सरपंच अतर सिंह लोधी ने बिजली कटौती के खिलाफ चक्काजाम करने की धमकी दी। जिसका असर यह हुआ कि इसी ग्राम पंचायत के नया अमोला सहित आसपास के दूसरे गांव में बुधवार की पूरी रात बिजली गुल करके सिरसौद गांव में पूरी रात बिजली की सप्लाई दी गई। रात भर बिजली न होने से परेशान ग्रामीणों ने जनपद सदस्य मोनू परिहार के नेतृत्व में आज करेरा एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर बिजली कंपनी के एई अखिलेश सिंह को हटाने की मांग की।







