
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, अब लिमिट भी कर दी तय, भविष्य में हालात और भी बिगड़ने की आशंका
बोले पेट्रोल पंप एसोसिएशन अध्यक्ष: पहले क्रेडिट पर देते थे पेट्रोल-डीजल, अब एडवांस ले रहे राशि
शिवपुरी। देश के विभिन्न हिस्सों से पेट्रोल व डीजल की शॉर्टेज और लंबी लाइनों के फोटो/वीडियो आने लगे हैं। हालांकि शिवपुरी में अभी ऐसे हालात तो नहीं बने, लेकिन भविष्य में स्थिति बिगड़ेगी, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता। शिवपुरी के पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष समीर गांधी ने बताया कि पहले कंपनियां क्रेडिट पर पेट्रोल-डीजल भेज देती थीं, लेकिन अब एडवांस में पैसा लेने के बाद ही माल भेज रही हैं।
एसोसिएशन अध्यक्ष समीर गांधी ने बताया कि दाम में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने के साथ ही अब 5 हजार रुपए का पेट्रोल एवं 200 लीटर डीजल देने की लिमिट तय कर दी है। चूंकि पहले पंप संचालक की क्रेडिट पर माल दिया जाता था, और फिर भुगतान में बाद में कर दिया जाता था, तो कहीं कोई कमी नहीं थी, लेकिन अब एडवांस भुगतान ने कई पंप संचालकों की परेशानी बढ़ा दी है। जिसके चलते जब माल कम लिया जाएगा, तो फिर मार्केट में शॉर्टेज आने से स्थिति बिगड़ेगी।
समीर गांधी ने बताया कि पेट्रोल व डीजल के रेट बढ़ने एवं उसकी लिमिट तय कर देने से लंबी दूरी से आने वाली सभी वस्तुओं पर उसका प्रभाव पड़ेगा। जिससे खाने पीने की सभी चीजें महंगी होंगी, तथा आमजन के जीवन पर उसका विपरीत प्रभाव पड़ना तय है। उन्होंने बताया कि जब कंपनियों के पास ही पेट्रोल व डीजल की आवक कम होगी, तो उसका असर आम आदमी पर भी पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट तौर पर तो कुछ भी नहीं कहा, लेकिन उनका इशारा यही था कि आने वाला समय कष्टप्रद होने वाला है।
कोरोना से अलग होगा यह समय:
जब देश सहित दुनिया कोरोना संक्रमण काल के दौर से गुजर रहा था, तब लोगों को मौत का डर था, लेकिन जो जिंदा थे, उन्हें खाने- पीने की सामग्री तो मिल पा रही थी। यानि जिंदा रहने के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री एवं अन्य वस्तुएं मिल पा रहीं थीं। अब जो संकट आने वाला है, उसमें खाना बनाने वाली रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल न मिलने से महंगाई आसमान छूएगी, तथा लोगों को आवश्यक वस्तुओं के लिए जद्दोजहद करनी पड़ेगी।







