
इधर रेट-गिट्टी के बिना रॉयल्टी ट्रेक्टर-डंपर पकड़े, उधर अवैध रूप से चल रहीं पत्थर खदान चालू करवाई
माइनिंग विभाग की मिलीभगत से जिले में संचालित दर्जनों अवैध घाट, जहां से हर दिन निकाली जा रही रेत व पत्थर
शिवपुरी। नए कलेक्टर को अपनी सक्रियता दिखाने के लिए माइनिंग विभाग ने शनिवार को कोलारस विस क्षेत्र में रेत से भरी दो ट्रेक्टर ट्रॉली एवं गिट्टी से भरा एक डंपर बिना रॉयल्ट का पकड़ लिया। एक तरफ अवैध परिवहन पर कार्यवाही करने के साथ ही माइनिंग विभाग ने कलेक्टर के माध्यम से बम्हारी की अवैध पत्थर खदान को चालू करवा दिया। जबकि पूर्व में यह खदाने राजस्व एवं माइनिंग की संयुक्त जांच टीम ने अवैध मानते हुए बंद करवाई थी।
शिवपुरी जिले में माइनिंग विभाग की सांठगांठ से दर्जनों अवैध रेत उत्खनन एवं पत्थर की खदानें संचालित हो रही हैं। जिसमें फॉरेस्ट की भी संलिप्तता है। चूंकि माइनिंग विभाग को भी अपनी सक्रियता नए कलेक्टर को दिखानी थी, जिसके चलते शनिवार को बिना परमिट रेत ले जा रही एक ट्रेक्टर ट्रॉली कोलारस, दूसरी बदरवास एवं गिट्टी से भरा डंपर लुकवासा क्षेत्र से जब्त करके स्थानीय पुलिस थाना एवं चौकी में रखवा दिया।
वहीं इसके उलट बम्हारी एवं डोंगरी में चल रहीं पत्थर की जिन अवैध खदानों को बंद किया था, उनमें से बम्हारी की खदान को कलेक्टर के माध्यम से पुनः चालू करवा दिया। जबकि उक्त खदानों की जांच में यह पाया था कि दी गई लीज के स्थान को छोड़कर दूसरी जगह से पत्थर निकाला जा रहा था, जो फॉरेस्ट से 200 मीटर की परिधि में निकाला जा रहा था। प्रशासनिक जांच में जिन खदानों को अवैध मानते हुए बंद किया था, अब उनमें ऐसा क्या हो गया कि उन्हें वैध मानकर चालू करवा दिया।
बोले माइनिंग इंस्पेक्टर: बम्हारी चालू की है
शनिवार को हमारी टीम ने कोलारस, बदरवास क्षेत्र से रेत की 2 ट्रेक्टर ट्रॉली एवं एक गिट्टी से भरा डंपर जब्त किया है। बंद खदानों में से बम्हारी खदान जिलाधीश के निर्देश पर चालू की है।
सोनू श्रीवास, माइनिंग इंस्पेक्टर शिवपुरी







