April 27, 2026
दिशा की बैठक में दौड़ाए गए सीवर प्रोजेक्ट के कागजी घोड़े, जिस पर कर रहे सांसद भी भरोसा

दिशा की बैठक में दौड़ाए गए सीवर प्रोजेक्ट के कागजी घोड़े, जिस पर कर रहे सांसद भी भरोसा

विधायक व आईपीएस विवाद के सवाल पर घुमा फिराकर दिया जवाब, मेगा हेल्थ कैंप के फिर गिनाए आंकड़े

शिवपुरी। कलेक्ट्रेट शिवपुरी में रविवार को क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिशा की बैठक ली, जिसमें उन्हें पीएचई ने कागजी घोड़े दौड़ाकर सीवर प्रोजेक्ट को सफल बताया। पत्रकारों से चर्चा में कई महत्वपूर्ण सवालों पर कोई जवाब दिए बिना ही पल्ला झाड़ लिया। महत्वपूर्ण बात यह है कि शिवपुरी में लगाए गए मेगा हेल्थ कैंप के आंकड़े सिंधिया ने फिर गिनाए।
दिशा की बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए सिंधिया ने कहा कि शहर में सीवर प्रोजेक्ट की 95 किमी लाइन डाली गई है, जिसमें से 1511 चेंबर से पानी सप्लाई ठीक तरह से हो रही है। 52 किमी के 2614 चेंबर की अभी जांच होनी है, जिसके लिए मशीन लगी है, जिसे बढ़ाकर यह काम जल्दी निपटाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि लगभग 50-60 चेंबर टूट चुके हैं, उनके लिए अलग से कार्ययोजना बनाई जाएगी। सिंधिया ने कहा कि सीवर प्रोजेक्ट के 20 एमएलडी वाला एसटीपी (सीवर ट्रीटमेंट प्लांट) भी बनकर तैयार है। महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस ट्रीटमेंट प्लांट को वो अभी बनना बता रहे हैं, वो तो 8 साल पहले बनकर तैयार हो गया, तथा 8 साल से पानी न पहुंचने की वजह से उसकी मशीनरी भी जंग लगने की वजह से चलने की स्थिति में नहीं हैं। पीएचई के जिम्मेदार भी दिखाने के लिए सांसद के आने से पहले 3-4 चैंबरों की सफाई करके मिट्टी बाहर निकलवा देते हैं, ताकि यह लगता रहे कि काम चल रहा है। कुल मिलाकर फैल हो चुके सीवर प्रोजेक्ट में और भी राशि लाकर उसका बंदरबांट करने की तैयारी है।

जलकुंभी मामले में भी दौड़ाए कागजी घोड़े

शिवपुरी के सभी तालाब और नालों के अलावा कर्बला में भी जलकुंभी की हरियाली छाई हुई है। सांसद को बताया कि जलकुंभी निकालने का काम तेजी से चल रहा है, और अब महज़ 10-15 प्रतिशत काम रह गया है। बैठक में जैसा अधिकारियों ने बताया, सिंधिया ने उन कागजी घोड़ों पर भरोसा करके जलकुंभी को खत्म होने की कगार पर बता दिया।

विवादों के सवालों से झाड़ा पल्ला

यह सर्वविदित है तथा अभी तक आए फोटो से स्पष्ट भी है कि नपाध्यक्ष को सांसद का संरक्षण है। आज जब नपाध्यक्ष वर्सेस पार्षद वर्सेस सीएमओ का सवाल किया तो, सिंधिया बोले कि मुझे विवादों से दूर रखो। जब उनसे पिछोर विधायक एवं आईपीएस के विवाद का सवाल किया, तो सिंधिया बोले इस तरह के विवाद तो आपके साथ भी होते होंगे। कुल मिलाकर सभी महत्वपूर्ण सवालों से किनाराकशी करने वाले सांसद ने बता दिया कि शहर जिस बदहाली के दौर से गुजर रहा है, वो इसी हाल में आगे भी रहेगा।

दिशा की बैठक में दौड़ाए गए सीवर प्रोजेक्ट के कागजी घोड़े, जिस पर कर रहे सांसद भी भरोसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page