
अम्बेडकर जयंती के शासकीय कार्यक्रम में शामिल हुए करेरा विधायक, शिवपुरी सहित अन्य विधायक रहे नदारद
सिंधिया समर्थकों में महामंत्री रहे मौजूद, नपाध्यक्ष ने उन्हें भी कार्यकर्ता कहकर किया संबोधित
शिवपुरी। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को शिवपुरी जिला मुख्यालय के गांधी पार्क स्थित मानस भवन में शासकीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंच पर मुख्यालय से 54 किमी दूर करेरा के विधायक मौजूद थे, जबकि सिंधिया समर्थक कोई भी विधायक तथा भाजपा जिलाध्यक्ष भी नजर नहीं आए। अभी हाल ही में महामंत्री बने लवलेश जैन का पद भी नपाध्यक्ष भूल गई, तथा उन्हें कार्यकर्ता कहकर संबोधित किया। मंचासीन लोगों को देखकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
आज दोपहर लगभग 12 बजे से मानस भवन में अंबेडकर जयंती का शासकीय कार्यक्रम शुरू हुआ। जिसमें करेरा विधायक रमेश प्रसाद खटीक, जनपद अध्यक्ष, नपाध्यक्ष एवं महामंत्री के अलावा नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा मौजूद रहे। चूंकि जिला मुख्यालय का कार्यक्रम प्रमुख माना जाता है, जिसमें शिवपुरी सहित अन्य विधायकों की अनुपस्थिति को देखते हुए SD न्यूज ने विधायकों से संपर्क करने का प्रयास किया। शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने फोन रिसीव नहीं किया, लेकिन उनके नजदीकी ने बताया कि वो किसी काम से राजस्थान गए हैं। सिंधियानिष्ठ कोलारस विधायक महेंद्र यादव के पीए ने बताया कि खतौरा में ही एक बड़ा कार्यक्रम था, इसलिए विधायक उसी में शामिल हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष भी नरवर के किसी कार्यक्रम में शामिल होने की बात सामने आई। हालांकि प्रशासन ने तो सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र भेजे होंगे, लेकिन करेरा विधायक ने ही उसे गंभीरता से स्वीकार किया। कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ दिया गया, साथ ही स्कूली छात्राओं को साइकिल भी वितरित की गई।
यह उठ रहे राजनीतिक सवाल:
शिवपुरी जिले में 5 विधायक हैं, जिसमें से पोहरी से कांग्रेस विधायक हैं, जबकि शिवपुरी, करेरा, पिछोर व कोलारस में भाजपा विधायक हैं। इनमें से कोलारस विधायक सिंधियानिष्ठ हैं, जबकि पिछोर फिफ्टी-फिफ्टी तथा शिवपुरी विधायक भी बाहरी रूप से सिंधिया के साथ हैं। करेरा विधायक तोमर गुट के माने जाते हैं, तथा वो लंबे समय तक सिंधिया के कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए थे। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि प्रशासनिक उलटफेर से राजनीतिक बदलाव भी नजर आएगा।
भूल गईं पद, तो बोल गई कार्यकर्ता
उद्बोधन के दौरान नपाध्यक्ष ने मंचासीन लोगों को देखकर लवलेश जैन को महामंत्री कहने की बजाय पार्टी कार्यकर्ता कहकर संबोधित किया। हालांकि जब लवलेश से इस संबंध में पूछा तो वे बोले कि हम कार्यकर्ता पहले हैं, पदाधिकारी तो बाद में हैं।






