
ओला स्कूटी के हजारों उपभोक्ता परेशान, सामान न मिलने से 6 माह से पड़ीं खराब गाड़ियां
सर्विस सेंटर का आधी शटर डालकर मेकेनिकल काम कर रहे, पार्ट्स खराब होने पर तार जोड़कर रिस्क लेकर स्टार्ट कर रहे गाड़ी
शिवपुरी। शहर के बायपास रोड पर कलारी के पास ओला सर्विस सेंटर पर उपभोक्ता चक्कर लगा लगाकर परेशान हैं। ओला की गाड़ी के पार्ट्स एक साल में ही खराब हो गए, जबकि गारंटी 5 एवं 8 साल की दी गई। कंपनी के सर्विस सेंटर पर एक साल में ही गाड़ियां खराब होकर आने लगीं। सर्विस सेंटर के कर्मचारी कह रहे हैं कि बैंगलौर से पार्ट्स आ रहे हैं, और कंपनी कह रही है कि माल रवाना कर दिया। महत्वपूर्ण बात यह है कि पिछले 6 माह से सर्विस सेंटर पर खराब गाड़ी खड़ी हैं। क्योंकि इंतजार खत्म नहीं हो रहा, और पार्ट्स सर्विस सेंटर पर आ नहीं पा रहे।
उपभोक्ता बोले: ओला कंपनी फेल हो गई, तथा बंगलौर से सामान न आ पाने की बात कहकर खुद की कमी को छुपाने का प्रयास कर रहे हैं।
शिवपुरी शहर में लगभग 5 हजार ओला कंपनी की गाड़ियां हैं, जिसकी गारंटी 8 व 5 साल की दी, लेकिन पार्ट्स 1 साल में ही खराब हो गए, जिन्हें बदलने के लिए सामान नहीं है। शहर के अधिकांश ओला के उपभोक्ता गाड़ी होने के बाद भी पैदल चलने को मजबूर हैं, तो वहीं कुछ खुद की जान को खतरे में डालकर जुगाड में गाड़ी चलाकर कंपनी की लेटलतीफी का दंश झेल रहे हैं।
इन हालातों के बीच ओला लेने वाले उपभोक्ता परेशान हैं, और सर्विस सेंटर के कर्मचारी इसलिए गाड़ी नहीं सुधार पा रहे। पार्ट्स बैंगलोर से रवाना होकर पिछले 6 माह से शिवपुरी के रास्ते में ही उलझे हैं। सर्विस सेंटर वालों ने भी आधी शटर डालकर मेकेनिक हल्का फुल्का काम कर रहे हैं, तथा अधिकांश लोग खराब गाड़ी लाकर अंदर झांक कर और कर्मचारियों को अपना दर्द सुनाकर चले जाते हैं।








