
40 हजार में करवा रहा था कोर्ट मैरिज, न्यायालय के बाहर लड़की दिखाई, दस्तखत करवाए, शादी नहीं करवाई
सादा कागज पर लड़का-लड़की के करवाए हस्ताक्षर, फिर बोला: घर से करेंगे विदा, न बीबी मिला न पैसा, जान से मारने की दे रहा धमकी
शिवपुरी। शादी न होने की वजह से परेशान बामौरकला के ग्राम बिजरावन में रहने वाले राहुल लोधी के साथ 40 हजार रुपए की ठगी हो गई। कोर्ट मैरिज के नाम पर वो कोर्ट तक तो लेकर गया, लेकिन सादा कागज पर लड़की और लड़के के हस्ताक्षर करवा कर बोला कि घर से विदाई करेंगे। पांच माह गुजर गए, राहुल को न बीबी मिली और न पैसे, बल्कि अब तो वो जान से मारने की धमकी दे रहा है।
ग्राम बिजरावन निवासी राहुल लोधी ने बताया कि हमारे गांव के सुरेश पंडा ने मुझसे कहा था कि तेरी शादी नहीं हो रही, तो तुम मुझे 40 हजार रुपए दो, मैं तुम्हारी पिपरा गांव की वर्षा से कोर्ट मैरिज करवा दूंगा। इसके बाद 26 सितंबर 2025 को सुरेश ने राहुल को शिवपुरी न्यायालय बुलवाया, तथा उस लड़की को भी लेकर आया। बाहर ही उसने कागज पर कुछ टाइप करवाकर राहुल व लड़की के हस्ताक्षर करवा दिए थे। इसके बाद सुरेश ने वो कागज देकर राहुल से कहा कि तुम्हारी कोर्ट मैरिज हो गई, अब लड़की को उसके घर से ही विदा करवाएंगे। बीबी की विदाई का इंतजार करते हुए जब लम्बा समय गुजर गया तो राहुल ने सुरेश से बीबी भिजवाने या पैसे वापस देने की बात कही। राहुल का कहना है कि अब सुरेश पैसा वापस करने की बजाए अब जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित राहुल ने आज पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन देकर बीबी के नाम पर 40 हजार की ठगी करने वाले के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
ऐसा यह पहला मामला नहीं है, बल्कि इसी तरह शिवपुरी जिले में अविवाहितों के साथ शादी करवाने की दलाली करने वाले सक्रिय होकर ठगी कर रहे हैं।








