July 15, 2026
img_20260714_1813526395316290350053521.jpg

सेवढ़ा के पास जंगल में से दो ट्रक खैर काट ले गए तस्कर, बाद में फॉरेस्ट भी भर लाई दो ट्रॉली
शिवपुरी। बरसात के मौसम में वन विभाग पौधरोपण के बड़े-बड़े फोटो खिंचवा था है, तो वहीं दूसरी तरह जंगल भी साफ करवाने में पीछे नहीं है। शिवपुरी के जंगल में खैर के तस्कर पूरी तरह से सक्रिय हैं, तथा आए दिन खैर के पेड़ों को काटकर उनके 4 फीट के पीस बनाकर ट्रकों में भरकर ले जाए जा रहे हैं। बीते रविवार को सेवढ़ा के पास जंगल में खैर के पेड़ों की बड़े पैमाने पर कटाई करने के बाद दो ट्रक लकड़ी तस्कर भर ले गए। सूचना पर बाद में पहुंची वन विभाग की टीम भी शेष बची दो ट्रॉली लकड़ी लेकर आ गई।
शिवपुरी के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रेम नारायण नागर का कहना है कि यदि जंगल बचाना है तो फॉरेस्ट विभाग को खत्म कर दो। यह बात इसलिए भी सही लगती है क्योंकि वन अपराध का डर आमजन में रहता है, लेकिन जब माफिया को उसी विभाग के लोगों का संरक्षण मिलता है, तो फिर वो पूरी ताकत से हरियाली को नष्ट करता है। सेवढ़ा एवं गोपालपुर के बीच रेलवे अंडर ब्रिज के पास ही जंगल में बड़े पैमाने पर खैर के पेड़ लगे हुए हैं। बीते शनिवार एवं रविवार को खैर की लकड़ी के तस्कर बैटरी वाली आरा मशीन लेकर खाड़ा खदान के पास जंगल में आए तथा खैर के बड़े-बड़े पेड़ों को पल भर में काटकर जमींदोज कर दिया। चूंकि पूरे पेड़ को ले जाने में उनकी चोरी नजर आ जाएगी, इसलिए उन पेड़ों के छोटे पीस करके आयशर ट्रकों में भर लिए। रविवार को दो ट्रक खैर की लकड़ी के भरकर तस्कर रवाना हो गए।
खैर के जंगल की कटाई की सूचना जब लीक हो गई, तो फिर गोपालपुर फॉरेस्ट चौकी की टीम ट्रेक्टर ट्रॉलियां लेकर सेवढ़ा के जंगल में पहुंची, तथा तस्कर द्वारा छोड़े गए खैर की लकड़ी की छांटन एवं कटे हुए कुछ पेड़ों को लेकर रवाना हो गई। यह पहली बार नहीं हुआ, बल्कि पिछली बार नरवर के पास पहाड़ी पर खैर के पेड़ काटकर ट्रकों को निकालने के लिए सिंध में से वैकल्पिक रास्ता बनाकर निकाल ले गए थे। खैर के तस्कर को भी फॉरेस्ट की टीम ने घाटीगांव से पकड़ा था।
बाजार में अधिक हैं दाम:
खैर की लकड़ी के दाम 45 हजार रुपए प्रति टन तथा 4500 रुपए क्विंटल है। पूजा आदि में 60 से 70 रुपए की 100 ग्राम लकड़ी मिलती है। खैर की लकड़ी के अच्छे दाम मिलने की वजह से शिवपुरी के जंगलों के खैर की कटाई जोरशोर से चल रही है, तथा तस्कर के निकल जाने के बाद फॉरेस्ट की टीम ठूँठ गिनने का काम कर रही है।
बोलीं पोहरी एसडीओ: लकड़ी जब्त कर ली
सेवढ़ा के पास जंगल में खैर की लकड़ी कटी मिली है, जिसे फॉरेस्ट की टीम ने ट्रॉली में भरवा कर जब्ती में ले लिया है। हमारी टीम अब काटे गए पेड़ों की गिनती कर रही है। जांच अभी जारी है।
श्रुति राठौर, एसडीओ पोहरी, अति. प्रभार सतनबाडा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page