July 10, 2026
उप्र के चंदा चोरी, तो मप्र में 86 हजार क्विंटल समर्थन मूल्य खरीदी का गेहूं हुआ गायब

उप्र के चंदा चोरी, तो मप्र में 86 हजार क्विंटल समर्थन मूल्य खरीदी का गेहूं हुआ गायब

14 करोड़ रुपए कीमत का गेहूं खरीदी केंद्रों से नहीं पहुंचा गोदामों तक, खाद्य मंत्री के जिले में सबसे ज्यादा 14 हजार क्विंटल गेहूं गायब

शिवपुरी से सैमुअल दास::
अभी मंदिर से चंदा चोरी का मामला सुलझा भी नहीं था कि मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर खरीदा गया गेहूं चोरी हो गया। गायब हुए गेहूं की मात्रा 86 हजार क्विंटल बताई जा रही है, जिसमें सबसे अधिक खाद्य मंत्री के गृह जिले सागर से 14 हजार क्विंटल गेहूं गायब हुआ है। हालांकि इस मामले में शिवपुरी जिला शामिल नहीं है।
अभी तक तो व्यापारी की फसल लेकर रवाना हुए ट्रकों के गायब होने की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन इस बार सरकारी गेहूं ही गायब कर दिया गया। समर्थन मूल्य पर हुई गेहूं खरीदी बंद होने के बाद जब वेयर हाउसों पर पहुंचे गेहूं का आंकलन किया गया, तो 86 हजार क्विंटल गेहूं ढूँढे से नहीं मिल रहा। 14 करोड़ रुपए कीमत का यह गेहूं खरीदी केंद्र से वेयर हाउस के बीच में ही गायब कर दिया गया। गेहूं चोरी का यह मध्यप्रदेश के बड़े जिलों में खेला गया, जिसमें सबसे अधिक 14 हजार क्विंटल गेहूं प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के गृह जिले सागर से गायब हुआ है। इतनी बड़ी मात्रा में चोरी हुआ गेहूं ट्रकों में भरकर वेयर हाउस की जगह दूसरे व्यापारियों के गोदामों पर बेच दिए जाने की चर्चा सरगर्म है।

रिकॉर्ड बनाकर कर दिया खेल::

इस बार देश के अन्य प्रदेशों की तुलना में मध्यप्रदेश में सबसे अधिक 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई। देश भर में सबसे अधिक खरीदी का रिकॉर्ड बनाने की खुशी उस समय काफूर हो गई, जब खरीदी केंद्रों से वेयर हाउस के बीच में ही 86 हजार क्विंटल गेहूं गायब हो गया।

मंत्री दिला रहे मीडिया को तसल्ली::

इस संबंध में जब सागर की मीडिया ने प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से सवाल किया, तो वे बोले कि हमने जांच के लिए समिति बना दी है। जब उनसे पूछा कि सबसे अधिक आपके जिले से ही गेहूं गायब हुआ है, तो वे खीजते हुए बोले कि आप चिंता मत करो, हम पता करवा रहे हैं। हालांकि इस मामले में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

उप्र के चंदा चोरी, तो मप्र में 86 हजार क्विंटल समर्थन मूल्य खरीदी का गेहूं हुआ गायब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page