
शिवपुरी से पोहरी तक की डगर कष्टदायक होने के साथ खतरों भरी, फूट रहे यात्री बसों के टायर
बरसात में हो रहा सड़क निर्माण, कभी भी बंद हो सकता है इस रोड पर आवागमन, विधायक भी फोन तक ही सीमित
शिवपुरी। पोहरी से शिवपुरी के बीच सड़क निर्माण का काम बीते 2 माह से चल रहा है, जो अब यात्री बस मालिकों को नुकसान पहुंचाने लगा। दुपहिया वाहन अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं, तो वहीं बसों के टायर फूटने के साथ ही उनके कांच भी टूट रहे हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि क्षेत्रीय विधायक भी इस समस्या को दूर करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन करके वीडियो बनवाने तक ही सीमित होकर रह गए।
गौरतलब है कि श्योपुर से पोहरी होते हुए शिवपुरी तक सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ ही एक-एक पट्टी बनाने की बजाए पूरी सड़क को एक साथ बनाए जाने की वजह से इस रोड पर आवागमन खतरों भरा हो गया। जिसमें सबसे अधिक खतरा सिरसौद से मारौरा तक की सड़क पर है, क्योंकि लगभग 8 किमी की रोड पर छोटी-बडी गिट्टियां बिखरी हुई हैं। इन गिट्टियों पर दुपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं, तो वहीं यात्री बसों के टायर फूटने के अलावा कांच भी टूट रहे हैं। बरसात के मौसम में सवारियाँ वैसे ही कम निकलती हैं, उस पर से टायर फटने एवं कांच टूटने से बस मालिकों को बड़ा नुकसान झेलना पड़ रहा है।
निर्माणाधीन सड़क के कुछ ऐसे हैं हालात:
शिवपुरी के दुर्गादास राठौड़ चौराहे से ही बदहाल सड़क की शुरुआत हो जाती है। इसके बाद रेलवे के निर्माणाधीन ओवरब्रिज वाली सड़क पर मनमाने अंदाज में ट्रैफिक को रोका जाता है। रेलवे क्रॉसिंग के बाद से सिंहनिवास तक की सड़क में सैकड़ों छोटे-बडे गड्ढों के बीच वाहन की गति 20 से 30 किमी प्रति घंटा की रहती है। सिंघनिवास के बाद सड़क और भी अधिक कष्टदायक होने के साथ ही आधी सड़क पर बिखरी गिट्टियां तथा आधी सड़क पर गिट्टी एवं मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। बारिश होते ही वाहन फंसने के साथ ही स्लिप भी मारते हैं। यदि हालात ऐसे ही रहे, तो इस रोड पर कभी भी आवागमन ठप हो सकता है।
विधायक ने बनवाया वीडियो:
सड़क की दुर्दशा के बीच खतरा झेल रहे लोगों ने इस संबंध में पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह से भी शिकायत की है। जिस पर विधायक ने सड़क निर्माण कर रही एजेंसी के अधिकारी को मोबाइल लगाया, और जनता का दर्द बताते हुए अपना वीडियो बनाकर उसे वायरल करवा दिया। अब समस्या दूर हो या नहीं, विधायक ने अपना काम कर दिया।
एक-एक पट्टी बनाते तो समस्या नहीं होती:
शिवपुरी से पोहरी तक की चौड़ी सड़क को बनाने के लिए यदि निर्माण एजेंसी सड़क को दो हिस्सों में बांटकर एक-एक पट्टी का निर्माण करती, तो समस्या इतनी अधिक नहीं होती। इसके विपरीत एजेंसी ने पूरी सड़क पर ही गिट्टियां बिखेर कर आवागमन का रास्ता ही बंद करने की तैयारी कर ली।







