
शादी में गए युवक का पत्थरों से कुचला शव गांव के बाहर मिला, दो साथी किए राउंडअप
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, पोहरी में प्लॉटों पर किया कब्जा, शिवपुरी कोर्ट के बाहर परिवार को पीटा
शिवपुरी। जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम खजरा में सोमवार की सुबह एक युवक की पत्थर से कुचली लाश मिली है। युवक शिवपुरी का रहने वाला है, तथा शादी में शामिल होने गया था। बदरवास में हाइवे पर बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पोहरी के मचाखुर्द गांव में पांच लोगों के प्लॉट पर झोपड़ी बनाकर कब्जे का प्रयास किया गया। शिवपुरी कोर्ट के बाहर एक पीड़ित परिवार की आरोपियों ने मारपीट कर एफआईआर भी फाड़ दी।
शिवपुरी शहर के गौशाला निवासी सुशील उर्फ शिम्पल उपाध्याय एक ढाबे पर काम करता था। वो अपने साथी ढाबे कर्मचारी शेषराम गुर्जर एवं कल्लू आदिवासी के साथ रविवार को खनियाधाना के खजरा गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। आज सुबह उसकी लाश गांव के बाहर पड़ी मिली। मृतक के सिर व शरीर पर पत्थरों से चोट के निशान थे, तथा खून से सना पत्थर एवं शराब की बोतल भी वहां पड़ी मिली। पुलिस ने उसके दोनों साथियों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है।
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत::
आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदरवास थाना अंतर्गत ग्राम अटलपुर के पास बीती रात 9:30 बजे सड़क पर खड़े 60 वर्षीय ओंकार सिंह पटेलिया में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
प्लॉटों पर झोपड़ी बनाकर कब्जे की तैयारी::
पोहरी के मचाखुर्द गांव में पांच लोगों के स्वामित्व के खाली पड़े प्लॉटों पर झोपड़ियां बनाकर कब्जे की तैयारी कर ली गई। भटनावर निवासी जगदीश गुप्ता एवं उमा गुप्ता ने बताया कि हमने विधिवत 2100 वर्गफीट का प्लॉट खरीदकर रजिस्ट्री करवाई है। उनके प्लॉट पर झोपड़ी बनाकर कब्जा कर लिया गया। इसी तरह किशनगंज में राहुल नामदेव, मनीष नामदेव व भगवानलाल सोनी के प्लॉट पर भी झोपड़ी बनाकर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। प्लॉट मालिकों ने आज पोहरी एसडीएम जेपी गुप्ता से शिकायत की है, तो एसडीएम ने पुलिस व राजस्व की टीम से जांच कराकर कब्जा हटवाने की बात कही है।
शिकायत करने आए परिवार को पीटा::
ग्राम गुरुकुद्वाया निवासी रौशनी धाकड़ ने बताया कि हमारे गांव में तार फेंसिंग को लेकर गांव के संजीव जाटव, जगदीश जाटव एवं मनीष जाते ने 21 जून को गाली गलौच कर मारपीट कर दी थी। संजीव ने पैर में कुल्हाड़ी मार दी थी। इस मामले की शिकायत करने रोशनी के परिजन आज शिवपुरी आए थे। जब वो शिवपुरी कोर्ट के बाहर आवेदन टाइप करवा रहे थे, उसी समय उक्त सभी आरोपी आ गए, तथा एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाने लगे। जब रोशनी के परिजनों ने मना किया तो उक्त तीनों ने मारपीट करने के साथ ही एफआईआर भी फाड़ दी, तथा जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।




