
4 माह पूर्व नाली सफाई करने के दौरान हटाया नाली का पत्थर नहीं रखा, गिर रहे मवेशी भी
शिवपुरी। नगरपालिका शिवपुरी ने स्वच्छता के संदेश दीवारों पर तो लिखवा दिए, लेकिन धरातल पर हालात इतने खराब है कि बीच बाजार सड़ांध के बीच दुकानदार अपनी दुकान पर नहीं बैठ पा रहे। 4 माह पूर्व नाली की सफाई के लिए हटाए गए बड़े पत्थर को वापस नाली में न रखने से उसमें भरा कचरा अब लोगों के परेशानी तथा दुकानदारों के लिए ग्राहक न आने से नुकसान का सबब बन गया है। बरसात कभी भी हो सकती है, ऐसे में हालात और भी अधिक बिगड़ना तय है।
हम बात कर रहे हैं शिवपुरी शहर के मध्य एचडीएफसी बैंक के सामने बने नगरपालिका मार्केट के सामने की, जहां पर बनाई गई गहरी – चौड़ी नाली न केवल बाजार का वातावरण दूषित कर रही है, बल्कि आसपास के दुकानदारों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। इस नाली से चंद कदम की दूरी पर सेसई वाले की दुकान है, जहां पर लोग बाहर बैठकर इस दुर्गंध के बीच नाश्ता करते हैं। खुली नाली के सामने कार श्रृंगार की दुकान संचालित करने वाले देवेंद्र भार्गव बताते हैं कि इतनी अधिक बदबू आती है कि हम अपनी दुकान पर बैठ नहीं पाते। दुकान ओर आने वाले ग्राहक भी सड़ांध आने की शिकायत करते हैं। उनके पड़ोस में हेयर कटिंग की दुकान है, जिस पर ग्राहक को लगभग आधा घंटा तो रुकना ही पड़ता है, लेकिन इस गंदी बदबू के बीच इस दुकान की दुकानदारी भी चौपट हो रही है।
दुकानदारों ने बताया कि हटाया गया पत्थर इतना बजनदार है कि उसे मशीन से ही रखना पड़ेगा, तथा नाली खुली होने से उसमें कचरा भी भर रहा है। इस खुली नाली में कई बार गाय व बछड़े तक गिरकर चोटिल हो चुके हैं। नगरपालिका में फिलहाल घमासान है, तथा शहर की जनता सड़ांध और गंदगी के बीच जीवन जीने को मजबूर है।
बोले प्रभारी सीएमओ: करवा देंगे सफाई
शहर में कई जगह नाली का कचरा निकलकर छोड़े जाने की शिकायतें आ रही हैं। नाली का पत्थर यदि अलग है, तो हम नाली की सफाई करवा कर पत्थर रखवा देंगे।
आनंद सिंह राजावत, एसडीएम शिवपुरी एवं प्रभारी सीएमओ नपा







