
टाइगरों को पालतू मवेशी खिलाने, विस्थापित गांवों का मुआवजा मांगने किया रेली प्रदर्शन
गुर्जर समाज ने निकाली शहर में रैली, एडीएम को सौंपा 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन, 11 दिन में मांगा समाधान
शिवपुरी। शिवपुरी शहर के गांधी पार्क मैदान में गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में इकठ्ठा हुए गुर्जर समाज के लोगों ने बाजार में से रैली निकाली। अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे गुर्जर समाज के लोगों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का निराकरण करने के लिए 11 दिन का समय दिया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया है कि माधव टाइगर रिजर्व के कर्मचारी उनके पालतू मवेशियों को पकड़कर उन्हें टाइगर का भोजन बना रहे हैं, जिसकी जांच की जाए तथा मुआवजा राशि भी बढ़ाई जाए। इसके अलावा बलारी माता मंदिर को संरक्षित किया जाए, तथा वहां तोड़फोड़ करने वालो पर कार्यवाही की जाए। माधव टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में आने वाले ग्राम लखनगंवा, मोमिनीखुर्द सहित अन्य गांव में रहने वाले परिवारों को उचित मुआवजा दिलाया जाकर उन्हें विस्थापित किया जाए। नरवर में भी फॉरेस्ट द्वारा जो रास्ता बंद किया जा रहा है, उसे खुलवाया जाए। इसके अलावा गुर्जर समाज के महापुरुषों की प्रतिमा शहर के चौराहों पर लगाने एवं उनके नाम से सड़क का नाम रखने, झिरना मंदिर सहित अन्य मांगों को लेकर गुर्जर समाज के लोग चिलचिलाती धूप में गांधी पार्क से कस्टम गेट होते हुए कोतवाली रोड, अस्पताल चौराहे से होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। ज्ञापन में प्रशासन को 11 दिन का समय दिया है, कि इन समस्याओं का निराकरण उक्त अवधि में किया जाए, अन्यथा गुर्जर समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
एक दिन पूर्व घेरा था सुरवाया थाना:
गुर्जर समाज के लोगों ने बुधवार की शाम कोटा-झांसी फोरलेन पर स्थित सुरवाया थाने का भी घेराव किया था। उनका कहना था कि माधव टाइगर रिजर्व के कर्मचारी भैंस का एक बच्चा अपनी गाड़ी में रखकर टाइगर को खिलाने के लिए ले गए हैं। उनके खिलाफ कार्यवाही के लिए यह घेराव किया गया था।






