
प्याज ने लगाया पिपरसमा रोड पर 3 घंटे तक जाम, किसान को करना पड़ रहा लम्बा इंतजार
पिछले 24 घंटे की खबरें: होटल ग्रीन ब्यू में दो पक्षों में मारपीट, खजूरी गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत
शिवपुरी। कृषि उपज मंडी पिपरसमा में बुधवार को प्याज की इतनी बंपर आवक हुई कि 3 घंटे तक मंडी रोड पर जाम लग गया। वहीं बीती रात होटल ग्रीन ब्यू में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट कर दी। उधर सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरी में रहने वाली विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला गर्मा गया।
मौसम के बदलते मिजाज के बीच किसान अपनी प्याज जल्दी से जल्दी बेचने के लिए आज पिपरसमा मंडी में आया तो वहां पहले से प्याज बिकने के इंतजार में खड़ी ट्रॉलियों की वजह से आने वाली ट्रॉलियां सड़क पर ही खड़ी हो गईं। जिसके आने वाली ट्रेक्टर ट्रॉलियों को सड़क पर ही खड़ा करना पड़ गया। देखते ही देखते ट्रॉलियों की इतनी संख्या हो गई कि फोरलेन बायपास से मंडी तक सड़क जाम हो गई। मंडी प्रबंधन द्वारा पुख्ता इंतजाम न किए जाने की वजह से यह अव्यवस्था हुई। बाद में बाहर की ट्रॉलियों की बोली लगा दी गई, जबकि मंडी के अंदर किसान अपने नंबर का इंतजार करता रहा।
जन्मदिन मनाने आए, जमकर चले लात-घूंसे::
शिवपुरी शहर के होटल ग्रीन व्यू में बीती रात दो जन्मदिन की पार्टी चल रही थीं। इसी बीच खाने के ऑर्डर को लेकर दोनों जन्मदिन वाले आपस में उलझ गए। दोनों पक्षों के जमकर लात घूंसे चले, तथा मामला कोतवाली तक भी पहुंचा। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की वजह से होटल वाले ने अपनी टूट फूट का नुकसान भी किसी से नहीं मांगा।
गांव के रास्ते में मायके वालों ने रोका शव::
शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना अंतर्गत ग्राम खजूरी में रहने वाली 24 वर्षीय कल्पना शाक्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जब ससुरालीजन लाश को लेकर गांव जा रहे थे, तो रास्ते में मायके वालों ने एंबुलेंस रोक कर शव का डॉक्टरों के पैनल से पीएम करवाया। मृतका के भाई मोनू शाक्य का कहना है कि मेरी बहन के साथ पूर्व में मारपीट भी की गई थी। हमें शक है कि उसे ससुरालीजन ने मारा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।







