
शिवपुरी के प्राचीन सिद्धेश्वर मेले के गेट पर प्रशासन ने जड़ा ताला, बिना राशि जमा किए शुरू कर दिया था मेला
सबसे बड़ा सवाल: मेला ठेकेदार के पीछे ऐसी कोई सी ताकत है, जो बिना परमीशन के लगाया शहर में दूसरा मेला
शिवपुरी। यूं तो शिवपुरी में प्राचीन बहुत कुछ है, लेकिन सिद्धेश्वर मेले की बात ही अलग है। इस मेले में पिछले कुछ वर्षों से अड़ंगे आ रहे थे, लेकिन इस बार तो मेला शुरू होने के बाद उसके गेट पर प्रशासन ने ताला जड़ दिया। प्रशासन को यह कार्यवाही इसलिए करनी पड़ी, क्योंकि मेला ठेकेदार ने बिना राशि जमा किए, और बिना स्वीकृति के मेला शुरू कर दिया था। शहर में यह दूसरा मेला है, जिसे बिना परमीशन के शुरू किया गया, तथा बाद में परमीशन की प्रक्रिया शुरू की गई।
गौरतलब है कि पिछले माह गांधी पार्क में ठेकेदार भागचंद शिवहरे ने नपा सीएमओ की मौखिक सहमति से मेला शुरू कर दिया था। बार में जब पूर्व कलेक्टर रविंद्र चौधरी तक अवैध मेले की सूचना पहुंची, तो फिर मेला बंद करवाया गया। उसके बाद ठेकेदार को नगरपालिका ने चंद दिनों में प्रक्रिया पूरी करके उसे नियमानुसार परमीशन दिलवाई गई। जिसमें महत्वपूर्ण बात यह रही कि उधर बिना परमीशन के मेला चलता रहा, इधर कागजी प्रक्रिया और गांधी जी का लेनदेन होता था।
अब उसी ठेकेदार भागचंद ने गांधी पार्क से मेले का सामान उठाकर सिद्धेश्वर मेले में लगा दिया। चूंकि यह मेला ग्राउंड सिद्धेश्वर ट्रस्ट का है, जिसके मुखिया एसडीएम शिवपुरी हैं। ठेकेदार ने मेले की राशि न तो ट्रस्ट में जमा की, और शायद नपा की गुल्लक में भी कुछ नहीं डाला। बिना वर्क ऑर्डर और राशि जमा किए ही ठेकेदार ने मेले की शुरुआत कर दी। चूंकि जिस जगह पार्किंग लगती है, वहां पर गिट्टी व रेत के ढेर लगे हैं, इसलिए मेला आने वालों ने सामने रहने वाले लोगों के घरों के आगे वाहन खड़े कर दिए , यानि अवैध वाहन पार्किंग शुरू कर दी थी, जिसके चलते लोग अपने घरों तक भी नहीं पहुंच पा रहे थे। जब यह सच्चाई एसडीएम शिवपुरी को पता चली, तो उन्होंने बुधवार को सिद्धेश्वर मेले के गेट ओर ताले लगवा दिए। इस पूरे खेल में पर्दे के पीछे कौन है, जिसकी दम पर भागचंद बिना परमीशन के मेला लगाकर शुरू कर देता है।
बोले एसडीएम: जमा नहीं की राशि
सिद्धेश्वर मेले की राशि ठेकेदार ने जमा नहीं की, इसलिए आज हमने उसमें ताले लगवा दिए। कल भी राशि जमा करने की बात कर रहा था, लेकिन अब वो जब राशि जमा करेगा, तभी ताला खुल पाएगा। बिना परमीशन के मेला संचालन की जानकारी हमें नगरपालिका ने नहीं, बल्कि आमजन से मिली है।
आनंद सिंह राजावत, एसडीएम शिवपुरी







