
दिनारा व मगरौनी में अवैध पटाखा भंडारों पर प्रशासन की कार्यवाही, बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त
सोनू अब माइनिंग में अवैध उत्खनन में गड़बड़ी करने की बजाए खनियाधाना में करेंगे मिट्टी का परीक्षण
शिवपुरी। जिले के करेरा एसडीएम अनुराग निगवाल एवं तहसीलदार ललित शर्मा की संयुक्त टीम ने दिनारा एवं मगरौनी में औचक निरीक्षण करके अवैध रुप से भंडारित की गई बड़ी मात्रा में आतिशबाजी जब्त की है। वहीं जिले में लंबे समय से माइनिंग के नाम पर बड़ा गोलमाल करने वाले माइनिंग के जबरिया इंस्पेक्टर बने सोनू श्रीवास को कलेक्टर ने खनियाधाना में मिट्टी परीक्षण का काम दे दिया। अब जिले की माइनिंग को नए इंस्पेक्टर ऋषभ दीक्षित देखेंगे।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार एसडीएम करैरा अनुराग निगवाल एवं तहसीलदार करेरा ललित शर्मा, नायब तहसीलदार मगरौनी के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने दिनारा क्षेत्र में दो अलग-अलग ठिकानों पर तथा मगरौनी में एक स्थान पर छापामार कार्रवाई की है। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध पटाखे जप्त किए गए हैं। एसडीएम निगवाल ने बताया कि प्रशासनिक टीम द्वारा साहू डिस्पोजल हाउस राष्ट्रीय राजमार्ग 27 रोड पर दिनारा रेस्ट हाउस के पास दबिश दी। यह दुकान सत्यम साहू के द्वारा संचालित की जा रही थी। टीम द्वारा दुकान और परिसर पर दबिश देकर 7 बोरी अवैध पटाखे बरामद किए हैं।
मितरयाना बाजार, दिनारा में तालपुरा मोहल्ला में शिवम गुप्ता की दुकान पर निरीक्षण किया जिसमें अवैध पटाखे जप्त किए हैं। यहाँ भी भारी मात्रा में 12 स्टार, चकरी और देसी गोला-बारूद का अवैध स्टॉक जमा कर रखा गया था, जिससे रिहायशी इलाके में बड़ा खतरा बना हुआ था। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्यवाही की गई है और निर्देशित किया गया है कि इस प्रकार घनी आबादी इलाके में पटाखों को रखना हानिकारक हो सकता है। अवैध रूप से पटाखों का भंडारण होने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
सोनू अब अवैध उत्खनन में सहयोग नहीं, मिट्टी की जांच करेंगे
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने प्रशासकीय कार्य सुविधा की दृष्टि से जिले में पदस्थ खनि निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित को शिवपुरी जिले की समस्त तहसीलों में अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है। इसके साथ ही खनिज रियायतों से संबंधित प्राप्त आवेदनों, शिकायती पत्रों की जांच एवं अन्य विभागीय गतिविधियों की जांच संबंधी कार्य भी सौंपे गए हैं। वहीं खनिज सर्वेयर सोनू श्रीवास को उपसंचालक कृषि विभाग के मृदा परीक्षण केन्द्र खनियाधाना में कार्य करने के लिए संलग्न किया गया है। खनिज शाखा शिवपुरी में नव नियुक्त पदस्थ खनि निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित को विभागीय गतिविधियों के सुचारू संचालन तथा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से कार्य दायित्व सौंपे गए हैं।








1 thought on “दिनारा व मगरौनी में अवैध पटाखा भंडारों पर प्रशासन की कार्यवाही, बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त”