May 20, 2026
कांग्रेस के समय का डाइट चार्ट भाजपा सरकार में पालन करना हो रहा मुश्किल, महंगाई के बीच चाय के दे रहे 2 रुपए

कांग्रेस के समय का डाइट चार्ट भाजपा सरकार में पालन करना हो रहा मुश्किल, महंगाई के बीच चाय के दे रहे 2 रुपए

प्रसूताओं को हर दिन 81 रुपए दे रही सरकार: कैसे मिलेगा 9 रुपए में 250 ग्राम दूध, 4 रुपए में चार रोटी, 8 रुपए में दो लड्डू कैसे खिलाए..?

शिवपुरी। एक तरफ जहां महंगाई में आम आदमी की कमर तोड़ रखी हैं, वहीं सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को प्रसूताओं का जो डाइट चार्ट दिया है, उसमें महंगाई को साइड में रख दिया गया। इस चार्ट में 2 रुपए की चाय तथा 9 रुपए में 250 ग्राम दूध का रेट तय किया गया। मेवे वाले दो लड्डू 8 रुपए में तथा 4 रुपए में चार रोटी के हिसाब से सरकार भुगतान कर रही है। इससे तो यह लगता है कि जब देश में कांग्रेस की सरकार थी, तब गर्भवती महिलाओं व प्रसूताओं के लिए जो डाइट चार्ट बनाया था, उसे भाजपा की सरकार में चलाने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि शासकीय अस्पताल में भर्ती होने वाली गर्भवती महिलाओं एवं प्रसूताओं को हर दिन नाश्ता से लेकर भोजन कैलोरी के मान से तय किया है। जिसमें एक दिन की डाइट का 81 रुपए सरकार भुगतान कर रही है। जिसमें वो यह उम्मीद करती है कि गर्भवती या प्रसूता को भरपूर कैलोरी का भोजन अस्पताल प्रबंधन उपलब्ध कराए। यही वजह है कि जिला अस्पताल में तो फिर भी यह भोजन मिल रहा है, लेकिन आंचलिक सरकारी अस्पतालों में यह डाइट चार्ट और प्रसूता की थाली ही गायब है।
आज के दौर में कट चाय भी 5 रुपए की मिल रही है, जो इतने छोटे डिस्पोजल में दी जाती है कि जब तक उसका स्वाद आता है, तब तक चाय ही खत्म हो जाती है, लेकिन सरकार एक कप चाय के 2 रुपए दे रही है। वर्तमान में एक रोटी 5 रुपए की मिल रही है, लेकिन सरकार 1 रुपए की रोटी का भुगतान कर रही है। 100 ग्राम पपीता के 4 रुपए, 100 ग्राम मीठा दलिया 5 रुपए तथा एक कटोरी सलाद के 2 रुपए निर्धारित किए हैं। वर्तमान में जब महंगाई आसमान छू रही है, उसमें कैलोरीयुक्त नाश्ता एवं दो समय का भोजन महज 81 रुपए में कैसे दिया जाएगा..?।

बोले सीएमएचओ: डिमांड भेजी है

यह बात सही है कि डाइट चार्ट में जो रेट तय की है, वो व्यवहारिक नहीं है। जिला अस्पताल में तो अधिक पेशेंट होने की वजह से एडजेस्ट हो जाता है, लेकिन सीएससी एवं पीएससी पर मुश्किल होता है, इसलिए पीएससी पर इसे बंद कर दिया। हमने डिमांड भेजी है कि 6 हजार रुपए अतिरिक्त दिया जाए।
डॉ. संजय ऋषिश्वर, सीएमएचओ शिवपुरी

कांग्रेस के समय का डाइट चार्ट भाजपा सरकार में पालन करना हो रहा मुश्किल, महंगाई के बीच चाय के दे रहे 2 रुपए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page