रात 11 बजे के बाद से होती है डंपरों से मुरमंकी ढुलाई, शहर के मुख्य बाजार से होकर निकाले जा रहे डंपर
शिवपुरी। यूं तो जिला प्रशासन के नए मुखिया को दिखाने के लिए माइनिंग विभाग हर दिन कहीं न कहीं कोई कार्रवाई कर रहा है, लेकिन शिवपुरी शहर के बीचोबीच 25 फीट से ज्यादा गहरी खुदाई करके निकाली जा रही मुरम पर विभाग मौन है। रात 11 बजे के बाद इस लंबे-चौड़े गड्ढे से निकाली जा रही मुरम को ढोने के लिए डंपर शहर के बीच में से होकर निकाले जा रहे हैं, लेकिन कोई भी जिम्मेदार उसे रोकने की जहमत नहीं उठा रहा। महत्वपूर्ण बात यह है कि जिला कलेक्टर को भी शहर में से मुरम लेकर जा रहे डंपरों के वीडियो भेजे गए, लेकिन वो भी इस मामले में शांति पकड़े हुए हैं।
शिवपुरी शहर के गुरुद्वारा चौक एवं माधव चौक के बीच झांसी बंदूकघर के सामने एक पुराना पेट्रोल पंप हुआ करता था। उस पंप के पास ही पहले अवैधानिक रूप से शराब का अहाता छोटा था। वो पंप तो बंद हो गया तथा उसकी जगह के अलावा उसके पीछे तक पिछले काफी समय से पहले मिट्टी और फिर मुरम का उत्खनन करने के लिए जेसीबी व पोकलेन उतारी गईं। इन मशीनों ने लगभग दो मंजिला गहराई तक खुदाई करके सैकड़ों डंपर मुरम निकालकर लम्बा-चौड़ा व गहरा गड्ढा कर दिया है। जिसमें नीचे तक डंपर ले जाने के लिए रास्ता भी बनाया गया है।
यहां दिन में तो वीरानी पसरी रहती है, लेकिन रात 11 बजे के बाद से यहां उत्खनन का काम शुरू होता है। मुरम से भरे डंपरों को ठंडी सड़क से होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से ले जाया जाता है। सूत्रों की मानें तो यहां से निकलने वाली मुरम को एक भूमाफिया अपनी नई कंस्ट्रक्शन साइड पर डलवा रहा है। बताते हैं कि उक्त जगह पर मॉल बनाने की तैयारी है, लेकिन बेसमेंट में भी एक मंजिला गहराई तक खुदाई की जाती है, लेकिन यहां तो दो मंजिला से अधिक गहराई तक मुरम को निकाला जा रहा है। अब गर्मी के बाद बरसात का मौसम आएगा, तथा इसके पीछे मौजूद महल कॉलोनी एरिया का पानी जब यहां आकर इस गहरे गड्ढे में भरेगा, तो आसपास बने दूसरे मकानों के लिए बड़ा खतरा उत्पन्न हो जाएगा। शहर के बीचोबीच हो रही इस खुदाई के वीडियो भी आए थे, जिन्हें प्रशासन के जिम्मेदारों को भी भेजा गया, लेकिन किसी ने भी कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।
शिवपुरी शहर में मॉल का चलन बढ़ा:
शिवपुरी शहर में पहले एकमात्र मॉल व्ही मार्ट हुआ करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से इनके बनने का दौर चल निकला है। अब स्मार्ट बाजार के अलावा उसके पास ही एक अन्य मॉल भी बना हुआ है। इसके बाद अस्पताल चौराहे पर भी मॉल बन गया है, जिसके पास पार्किंग न हो ए से सड़क पर वाहन खड़े होने से जाम लगता रहता है।





