
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के प्रभार वाले जिले में असमान पर बादल देखकर बंद कर रहे बिजली, उमस भरी गर्मी में जनता बेहाल
उमस भरी गर्मी के बीच पंखे बंद होते ही शहरवासी नहा रहे पसीने से, पहले पानी बंद और अब बिजली गुल
शिवपुरी। जिस तरह से बिजली कंपनी का एक वीडियो चला था कि बादल छा गए, हवा चलने लगी तो लाइट बंद कर दो, ठीक उसी तर्ज पर शिवपुरी में भी बिजली कंपनी काम कर रही है। शनिवार को आई तेज आंधी से पहले ही शहर में बिजली बंद कर दी थी, बावजूद इसके जब मौसम खुल गया, तो भी शहर के कई हिस्सों में रात भर बिजली गुल रही। रविवार की शाम को केवल आसमान ओर बादल ही छाए थे, लेकिन बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। आज पेड़ भी शांत थे, जिसके चलते बिना बिजली के लोग पसीना- पसीना होते रहे। यह हालात तब हैं जबकि शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हैं।
गौरतलब है कि शनिवार की दोपहर लगभग 12 बजे एकाएक आसमान पर काले बादल छाए तो बिजली कंपनी के जिम्मेदार समझ गए, और शहर की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। यह समझदारी की गई, क्योंकि 15 मिनट की जो तेज आंधी आई, उसने सब कुछ अस्त-व्यस्त करने के साथ ही पेड़ों को उखाड़ दिया। शहर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पेड़ गिरे, जिन्हें मौसम खुलते ही नगरपालिका की जेसीबी व प्रशासन ने उन्हें तत्काल हटवाकर रास्ता क्लीयर किया। चूंकि महज आधा घंटे की इस प्राकृतिक आपदा के बाद आसमान साफ हो गया, तथा सूरज भी चमक के साथ निकल आया। गर्मी ने लोगों को फिर परेशान कर दिया, लेकिन आंधी आने से पहले बंद की गई बिजली शहर के कई इलाकों में रात भर नहीं आई। हालांकि ऐसे इलाके कम हैं, लेकिन आधी रात तक 40 फीसदी शहर बिना बिजली के रहा।
अगले दिन यानि आज रविवार को भी सुबह से बिजली की लुकाछिपी शुरू हो गई। आज शाम 4 बजे एकाएक आसमान पर पोहरी की तरफ से काले बादल आए, तो पोहरी रोड स्थित बस स्टेंड सहित मनियर, फतेहपुर, बायपास की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। वो काले धीरे धीरे छंटते रहे, लेकिन बंद की गई बिजली सप्लाई शुरू नहीं की, जिसके चलते उमस वाली गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।
बिजली कंपनी के जिम्मेदारों की यह बात ठीक है कि तेज आंधी आने से पहले आपने सप्लाई बंद करके होने वाले खतरनाक फाल्टों व आगजनी की घटनाओं को बचा लिया। लेकिन आधा घंटे में मौसम खुल जाने एवं गिरे पेड़ों को हटाने में प्रशासन ने कोई देर नहीं की, तो फिर आपको टूटे तारों को जोड़ने में आधी रात क्यों लग गई?, फिर ऐसे क्या फाल्ट हो गए, जिन्हें सुधारने के लिए रविवार को भी शहर में बिजली आई कम, और गुल ज्यादा रही। शाम को डेढ़ घंटे गुल रही बिजली साढ़े 5 बजे आकर, 6 बजे फिर चली गई। ऊर्जा मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री से आग्रह है कि जप करने का लाभ भी तभी मिलेगा, जब क्षेत्र की जनता को आप इस भीषण गर्मी में परेशान होने से बचाएंगे।







