April 17, 2026
महाराज, सीएमओ ने तो काम करना मुश्किल कर दिया: अरे यह सब कैसे हो गया! फोटो देखकर तो कुछ ऐसा ही लग रहा

महाराज, सीएमओ ने तो काम करना मुश्किल कर दिया: अरे यह सब कैसे हो गया! फोटो देखकर तो कुछ ऐसा ही लग रहा
पार्षदों ने पकड़ा था भोपाल का ट्रेक, नपाध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष के साथ तय किया दिल्ली का रास्ता: मुलाकात के परिणाम का इंतजार

शिवपुरी। नगरपालिका शिवपुरी में चल द्वंद थमने का नाम नहीं ले रहा। शहर विकास को ताक पर रखकर नपा के जिम्मेदार एक दूसरे की टांग खिंचाई में लगे हैं। पिछले दिनों एक दर्जन पार्षद भोपाल जाकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को अपना दर्द सुनाकर आए, तो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर दिल्ली की एक फोटों ने चर्चाओं का बाजार फिर गर्म कर दिया।
आज जो फोटो वायरल हुआ है, उसमें भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ हाथ जोड़कर और चेहरे पर दुखों का पहाड़ दिखाते हुए नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा अपना दर्द बयां करती नजर आ रही हैं। मानो वो कह रही हों कि महाराज शिवपुरी में नपा सीएमओ मनमानी पर उतारू है, और निजी स्वार्थ के चलते वो प्राचीन परंपरा को भी नुकसान पहुंचा रहा है। फोटो को देखकर ऐसा भी लग रहा है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आश्चर्य करके पूछ रहे हों, कि इतना सब कुछ हो रहा है, और मुझे पता भी नहीं है।
यह तो हो गई फोटो की बात, और अब हम बात करें पिछले दिनों में हुए घटनाक्रम की, तो अभी हाल ही में नपाध्यक्ष ने सीएमओ पर आरोप लगाते हुए कहा कि इतने विरोध के बावजूद मनमानी करके गांधी पार्क में 17 लाख लेकर मेला लगवा दिया, जबकि सिद्धेश्वर मेले का पिछले साल 61 लाख में ठेका हुआ था। एक साथ दो मेले लगने से सिद्धेश्वर मेले की प्राचीन परंपरा को तोड़ने का काम भी सीएमओ कर रहा है। ज्ञात रहे कि पिछले दिनों नपा कार्यालय का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें पति के साथ ऑफिस आईं नपाध्यक्ष ने सीएमओ के लिए कहा था कि 4 दिन में मुंह काला कर दूंगी। शायद उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष की दम पर ही यह डायलॉग दिया होगा, जो पिछले दिनों पार्षदों के बाद प्रदेश अध्यक्ष से मिलने गए थे।
भोपाल गए पार्षदों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जो 10 दिन का समय मांगा था, वो भी लगभग पूरा हो गया। इस बीच नपा उपाध्यक्ष पति रामजी व्यास ने पार्षदों को नसीहत दी थी कि भोपाल की जगह उन्हें दिल्ली का ट्रैक पकड़ना था। उनका सुझाव मानकर नपाध्यक्ष दिल्ली हो आईं, अब देखना है कि उनकी यह रुआंधी चेहरे वाली मुलाकात क्या रंग दिखाती है…?

महाराज, सीएमओ ने तो काम करना मुश्किल कर दिया: अरे यह सब कैसे हो गया! फोटो देखकर तो कुछ ऐसा ही लग रहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page