April 5, 2026
भूसा भरने आए थे राजस्थान से, करंट लगने से महिला व 7 साल के बच्चे की मौत, 2 लोगों ने लगाई फांसी

भूसा भरने आए थे राजस्थान से, करंट लगने से महिला व 7 साल के बच्चे की मौत, 2 लोगों ने लगाई फांसी
बदरवास में दो दुकानों के लगी आग, लाखों का सामान हुआ खाक, दीवार तोड़कर बुझाई आग

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम डोंडियाई के पास भूसा लेने आई ट्रॉली हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से 7 साल के बच्चे सहित महिला की मौत हो गई। जबकि शिवपुरी व कोलारस में दो लोगों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। वहीं बदरवास में दो दुकानों में आग लग जाने से लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।
राजस्थान के बारां जिले के खेड़ली गांव में रहने वाले विनोद पुत्र रंजीत बंजारा, लीला पत्नी विनोद, केसरबाई पुत्री मेंबर बंजारा एवं 7 वर्षीय अनिल पुत्र मेंबर बंजारा ट्रैक्टर ट्रॉली से भूसा लेने कोलारस के डोंडियाई गांव में आए थे। इनकी ट्रॉली में 10-10 फीट ऊंचे लोहे के पाइप लगे थे, ताकि उसने तिरपाल बांधकर उसमें भूसा भर कर ले जाएं। शुक्रवार की सुबह जब यह ट्रॉली हाइटेंशन लाइन के नीचे से गुजर रही थी, तभी उसका पाइप तार से टकरा गया। जिससे ट्रेक्टर व ट्रॉली में आए करंट से अनिल व लीला बंजारा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनोद व केसर बाई करंट लगने से झुलस कर दूर जा गिरे। उन दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह लोग कोलारस से भूसा ले जाकर राजस्थान में बेचकर मुनाफा कमाते थे।

सुबह पत्नी से फोन पर बात करके फांसी लगाई

शिवपुरी शहर के फतेहपुर क्षेत्र के आजाद नगर में रहने वाले आला शाक्य (36) की पत्नी पूजा शाक्य अपनी दो बेटी व एक बेटे को लेकर पिछले 3 माह से अपने मायके संजय कॉलोनी शिवपुरी में रह रही थी। आला के भाई रामेश्वर शाक्य ने बताया कि शुक्रवार की सुबह आला ने मोबाइल पर पूजा से बात की और फिर घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताते हैं कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते वो अपने मायके में रह रही थी। पति की मौत की सूचना पर अपने बच्चों सहित पूजा अस्पताल पहुंच गई थी।

मानीपुरा रोड पर पेड़ से लटकी मिली लाश

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में मानीपुरा रोड पर शुक्रवार की सुबह पेड़ पर फांसी के फंदे पर मोतीलाल (46) पुत्र मथुरा जाटव की लाश लटकी मिली। कोलारस में रहने वाला मोतीलाल रात 11 बजे तक उसके बेटे ने घूमते हुए देखा, तथा उससे घर चलने को भी कहा, लेकिन वो नहीं आया, और आज सुबह लाश पेड़ पर लटकी मिली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बदरवास में आगजनी, लाखों का नुकसान

शिवपुरी जिले के बदरवास कस्बे में रहने वाले विष्णु सिंघल की दो दुकानें तथा उसके ऊपर ही घर भी है, जिसमें परिवार सहित रहते हैं। उनकी खुद की किराने की थोक दुकान है, जबकि एक दुकान नंदकिशोर यादव को बेकरी के लिए किराए पर दी है। बीती रात लगभग 2 बजे विष्णु सिंघल के बेटे ने दुकानों में से आग की लपटें उठती देखीं, तो परिजनों को बताया। आग बुझाने के लिए जेसीबी से एक साइड की दीवार तोड़नी पड़ी, तब भी ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस आगजनी में लाखों रुपए का नुकसान हो गया।

भूसा भरने आए थे राजस्थान से, करंट लगने से महिला व 7 साल के बच्चे की मौत, 2 लोगों ने लगाई फांसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page