
जीते जी नहीं मिले तो क्या, मर कर तो मिलेंगे: प्रेमी की हत्या के बाद प्रेमिका ने भी घर में फांसी लगाकर दी अपनी जान
मामला कोलारस के चंदेरिया में प्रेमी की पीट-पीट के हत्या का: प्रेमिका के पिता व दादा जेल में
शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम चंदेरिया में रहने वाली वर्षा कुशवाह ने अपने घर में नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ज्ञात रहे कि मृतका के प्रेमी अर्जुन पाल निवासी नेगमा रन्नौद की तीन दिन पहले लड़की के परिजनों ने ही पीट-पीट कर हत्या कर दी थी।
गौरतलब है कि बीते शनिवार की रात को अपनी प्रेमिका की सगाई से पहले उसे अपने साथ भगा कर ले जाने के लिए अर्जुन पाल चंदेरिया गांव गया था। वहां पर वर्षा के परिजन पहले से तैयारी में थे, और उन्होंने अर्जुन को पेड़ से बांधकर उसे इतना पीटा कि उसकी जान चली गई। हत्या के इस मामले की जानकारी पुलिस को मृतक की प्रेमिका वर्षा से ही लगी थी, इसलिए पुलिस ने एक दिन के लिए वर्षा को वन स्टॉप सेंटर में रखने के बाद अगले दिन उसके 164 में बयान दर्ज करवाए। इस दौरान वर्षा के पिता दिनेश कुशवाह और उसके दादा को पुलिस ने जेल भेज दिया था।
चूंकि इस घटना के बाद वर्षा की सगाई भी निरस्त हो गई थी, और उसके पिता व दादा जेल जा चुके थे। संभवतः घर में बची महिलाओं ने वर्षा को प्रताड़ित किया हो, या फिर उसे अपने प्रेमी की मौत का ऐसा सदमा लगा कि गुरुवार को उसने अपने घर के कमरे में ही फांसी का फंदा लगाकर इस दुनिया को अलविदा कह दिया। मृतका वर्षा के हाथ पर A ❤️ V डॉट से लिखा हुआ था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आज दोपहर में वर्षा की चचेरी बहन जब खाना लेकर किचिन में गई, तभी वर्षा ने मौका देखकर फांसी पर लटक कर अपनी जान दे दी। मृतका की मां सुनीता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।






