
तीन सड़क हादसों में 2 की मौत, 7 घायल, गुना नाके के पास पुराने खंडहर में मिली लाश
फिजिकल पर सूने घर में लगी आग, लाखों रुपए कीमत का गृहस्थी का सामान हुआ खाक
शिवपुरी। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तीन सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। महत्वपूर्ण बात यह है कि मरने और घायल होने वाले सभी बाहर के लोग हैं। गुना नाके के पास एक खंडहरनुमा कमरे में एक व्यक्ति की लाश मिली, तो वहीं शिवपुरी शहर के फिजिकल क्षेत्र में बीती रात एक सुने मकान में आग लग जाने लाखों का गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।
सड़क हादसों का विवरण::
डंपर ने ई रिक्शा को मारी टक्कर, 1 की मौत
बुधवार की सुबह करेड़ा-करही रोड पर सुनारी तिराहे के पास एक ई रिक्शा में डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे रिक्शा पलट गया तथा इटावा उप्र के मंगुआ खटीक के सिर के ऊपर से डंपर का पहिया निकल जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक जसमंत कुशवाह नि. चकरामपुर एवं राधेश्याम माली नि. ललितपुर घायल हो गए, जिन्हें करेरा अस्पताल में भर्ती कराया।
अमोला पुल के पास सड़क दुर्घटना में, 1 मौत
बीती रात अमोला पुल से और पहले एक खड़े ट्रक में पीछे से एक डंपर ने टक्कर मार दी। ट्रक में टक्कर लगने से ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया, जबकि डंपर के हेल्पर अजीत गुर्जर निवासी मुरैना की मौके पर ही मौत हो गई। हेल्पर की मौत के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
कार पलटने से उप्र के 5 लोग घायल
आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम सुमेला ब्रिज के पास आज अलसुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उसमें सवार उत्तरप्रदेश के जुबेर अहमद, एहराज अहमद व जमाल खान, घायल हो गए। कार एहराज चला रहा था, जिसे नींद का झोंका आ जाने से यह हादसा हुआ।
खंडहर में संदिग्ध हाल मिली हरदयाल की लाश
शिवपुरी शहर के गुना नाके के पास स्थित एक खंडहरनुमा घर के एक कमरे में बुधवार सुबह 11.30 बजे एक लाश मिलने की सूचना से दृष्ट फैल गई। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो मृतक की पहचान ग्राम बांसखेड़ी के हरदयाल सरदार (38) के रूप में हुई। बताते हैं कि हरदयाल मंगलवार की शाम को रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया था। परिजनों को लाशं का पता चला तो वो उसे लेकर जिला अस्पताल गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान परिजनों से कुछ विवाद भी हुआ तो कोतवाली पुलिस ने मौके पर जाकर समझाया।
सूने घर में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
शिवपुरी शहर के फिजिकल क्षेत्र में दौलत सिंह के होटल के पीछे स्थित पूरन सेन के मकान में विधवा रेनू खटीक अपने बच्चों के साथ रहती है। मंगलवार को वो अपने बच्चों सहित झांसी रिश्तेदारी गई थी। रात लगभग 12:30 बजे एकाएक रेनू के घर से आग की लपटें उठने लगीं। आस-पड़ौस के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक फ्रिज, वॉशिंग मशीन सहित लाखों रुपए कीमत का गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। सभी मामलों में पुलिस जांच कर रही है।






