
शिवपुरी विधायक द्वारा अपने पोलिंग एजेंट को कांग्रेसी कहने पर नाराज भाजपा एजेंट, किया पलटवार
खोड के कपिल ने विधानसभा व लोकसभा में पोलिंग एजेंट के पर्चे व अपना वीडियो बनाकर किया वायरल
बोले कपिल: विधायक जी आपने तो हमारी समस्या दूर नहीं की, यदि आपका कोई काम हो तो मुझे बताना, दिल्ली से भी करवा लाउंगा
शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी के शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन का बीते रोज एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने अपने ही पोलिंग एजेंट को न केवल पहचानने से इंकार कर दिया, बल्कि उसको कांग्रेस का एजेंट तक कह दिया। इस मामले को भाजपा ने षड्यंत्र बताने की भी कोशिश की थी।
अपने गांव की समस्या अपने विधायक को बताने वाले भाजपा पोलिंग एजेंट कपिल लोधी ने विधायक के बयानों से आहत होकर अपना एक वीडियो बनाकर वायरल किया है। जिसमें उसने खुद को कट्टर भाजपाई बताते हुए विधायक से कहा है कि मैं आपके चुनाव में उस समय एकमात्र पोलिंग एजेंट बना था, जब विरोधी उम्मीदवार के डर की वजह से कोई पोलिंग एजेंट बनने को तैयार नहीं था। विधायक पर गाली गलौच करने का आरोप लगाते हुए कपिल ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद ढाई साल में पहली बार जब विधायक आए, तो अपनी हैसियत के अनुरूप उनका स्वागत सत्कार किया, लेकिन जो व्यवहार व शब्दावली उन्होंने उपयोग की है, उससे मैं बहुत आहत हूं , और इस संबंध में अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बात करूंगा। इतना ही नहीं, कपिल ने यहां तक कहा कि विधायक जी, आप तो हमारी समस्या का निराकरण नहीं कर पाए, क्योंकि हर जगह आपके लोग ही भ्रष्टाचार कर रहे हैं, लेकिन यदि आपका कोई काम हो तो मैं उसे दिल्ली से भी करवा कर ले आऊंगा।
इस पूरे एपीसोड से इतना तो स्पष्ट हो गया कि जब विधायक अपनी पार्टी के पोलिंग एजेंट को ही पहचानने से इंकार करते हुए उसे कांग्रेस का एजेंट बता रहे हैं, तो फिर यह आम जनता की सुनवाई क्या खाक करेंगे।






