
भजन की जगह सुनना था रसिया गीत, नहीं बदला गाना तो भंडारे को किया तहस-नहस, तोड़ा हाथ
ऑस्ट्रेलिया से भारत आए पंजाब के विधायक को शिवपुरी से दबोचा, 6 माह से रेप केस में था फरार
शिवपुरी। नवरात्रि के इन दिनों में बलारपुर का मेला चल रहा है। आने वाले भक्तों के लिए करई गांव के हनुमान मंदिर पर चल रहे भंडारे में कुछ उपद्रवियों ने इसलिए हंगामा कर दिया, क्योंकि भजन की जगह रसिया गीत नहीं बजाया। वहीं ऑस्ट्रेलिया से भारत आए पंजाब में आप पार्टी के फरार विधायक को शिवपुरी से पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार किया।
ब्लारपुर माता मंदिर पर जाने का रास्ता सुरवाया के करई गांव से भी है। मेले में जाने के लिए भक्तों को भंडारा प्रसादी के लिए गांव के हनुमान मंदिर पर बुधवार को भंडारा चल रहा था। आयोजक दल के दयालाल धाकड़ ने बताया कि जब भंडारा चल रहा था, तो उसमें माता के भजन बजाए जा रहे थे। इसी बीच कुछ लोग आए और रसिया गीत बजाने की जिद करने लगे। जब भजन बंद नहीं किए तो लाठी डंडा लेकर आए लोगों ने भंडारा स्थल पर हमला कर दिया। खाना फैला दिया, कुर्सी तोड़ दी तथा इस हमले में कामेश धाकड़ का हाथ फैक्चर हो गया। पीड़ित लोगों ने शिवपुरी आकर एसपी के समक्ष अपनी गुहार लगाई।
आप पार्टी के विधायक व 3 साथी गिरफ्तार
पंजाब की सनौर विधानसभा से आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत पठानमाजरा को मंगलवार की सुबह ग्वालियर-शिवपुरी बायपास रोड पर पटियाला पंजाब की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हरमीत के खिलाफ 2 साल पूर्व रेप का केस दर्ज हुआ था, जिसमें वो पिछले 6 माह से फरार था। बताते हैं कि हरमीत फरारी में ऑस्ट्रेलिया भाग गया था और 5 दिन पूर्व भारत इसलिए आया, क्योंकि उसकी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई थी। पिछले दो दिन से हरमीत का पीछा कर रही पटियाला पुलिस ने आज उसे तीन अन्य साथियों के साथ शिवपुरी से गिरफ्तार कर लिया।
रात में तोड़ दी माता की मूर्ति
जिले के इंदार थाना क्षेत्र के कुटवारा में मंगलवार की रात एक माता मंदिर में रखी मूर्ति को पत्थर मारकर तोड़ दिया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मूर्ति तोड़ने वाला दानवीर जाटव है। मूर्ति तोड़ने के बाद दानवीर भाग गया, जबकि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस अलर्ट है।






