
शिवपुरी के टेकरी बाजार को इंदौर का भागीरथपुरा बनाने की तैयारी में नगरपालिका
पानी की पाइप लाइन डालने के फेर में फूटा सीवर का सीमेंट वाला पाइप, प्लास्टिक का पाइप फंसाकर सीमेंट लगाने की स्पेशल इंजीनियरिंग
शिवपुरी। इंदौर के भागीरथपुरा में लगभग तीन दर्जन इंसानों की मौत के बाद भी शिवपुरी नगरपालिका के जिम्मेदार नहीं चेते। इसका दूसरा प्रत्यक्ष उदाहरण बुधवार को शिवपुरी शहर के टेकरी बाजार में सामने आया। पानी की लाइन डालने के फेर में सीवर की सीमेंट वाली पाइप लाइन तोड़कर उसे चौड़े प्लास्टिक के पाइप से फंसाकर सीमेंट भरने की स्पेशल इंजीनियरिंग की है। सीवर के पानी से सीमेंट और प्लास्टिक के पाइप का ज्वाइंट खुल जाएगा, तथा कभी भी टेकरी बाजार में सीवरयुक्त दूषित पानी सप्लाई होने लगेगा।
यह है मामला
शिवपुरी शहर के बाजार को अभी तक सब्जी मंडी के पास वाली पानी की टंकी कंडम घोषित होने के बाद, उसे नपा तोड़ नहीं पा रही। उसकी जगह नई पानी की टंकी गर्ल्स स्कूल के पास रिहायशी बस्ती के बीच नई टंकी बनाई जा रही है। उस टंकी से लाइन आसपास की गलियों में डाली जा रही है।
सीमेंट के पाइप को प्लास्टिक पाइप से जोड़ा
पानी की पाइप लाइन डालने के दौरान सीवर का पाइप टूट गया। जिससे सीवर की गंदगी गड्ढे में भरने लगा था। जिसे देखकर स्थानीय लोगों ने विरोध दर्ज कराया, तो स्पेशल तकनीक से उसे बंद किया गया, जो कभी भी फिर लीक हो जाएगी।
इससे पहले कुएं का पानी भी हो चुका दूषित
शिवपुरी शहर में नपा की लापरवाही का यह पहला नजारा नहीं है। इससे पहले सिद्धेश्वर कॉलोनी में कच्चे शौचालय व सीवर चैम्बर के पास स्थित कुएं से नपा पानी सप्लाई कर रही थी। SD News ने जब वो मुद्दा उठाया था, तो नपा ने कुएं के पानी की जांच करवाई तो वो बुरी तरह दूषित मिला था। नपा के जिम्मेदारों ने कुएं के पानी को गंदा करने वाले कारणों को न हटाते हुए उस कुएं से सप्लाई बंद कर दी। अब स्थानीय लोगों को जलसंकट से जूझना पड़ रहा है।






