
मौसम ने दिखाया विकराल रूप, मेगा हेल्थ कैंप में मची भगदड़, स्वागत का बोर्ड गिरने से रास्ता बंद
मॉनिटरिंग के लिए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, खाना खाकर निकले तो गेट हुआ बंद, बाहर तेज बारिश और गिरे ओले
शिवपुरी के सांदीपनी स्कूल में चल रहे मेगा हेल्थ कैंप में शुक्रवार की देर दोपहर उस समय भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जब एकाएक मौसम बिगड़ गया। तेज आंधी- पानी के बीच डॉक्टरों के कक्षों वाले गेट पर लगा स्वागत बोर्ड उखड़कर गेट पर पर ही उल्टा होकर ऐसा लटका कि बाहर निकलने का रास्ता ही बंद हो गया। महत्वपूर्ण बात यह है कि इतनी तेज आंधी एवं ओलावृष्टि उतने एरिया में ही आई, जहां पर यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।
शिवपुरी में चल रहे मेगा हेल्थ कैंप में आज दोपहर 3 बजे तक अब कुछ सामान्य था। इसी बीच एकाएक तेज आंधी के साथ बारिश और फिर ओलावृष्टि शुरू हो गई। आंधी इतनी तेज थी कि जिस विशाल टेंट के नीचे अलग-अलग कक्षों में डॉक्टर मरीज देख रहे थे, वो भी तेज आवाज सुनकर कक्ष से बाहर निकल आए। चूंकि यह पूरा आयोजन वॉटरप्रूफ टेंट के नीचे अस्थाई कक्ष बनाकर किया जा रहा है, लेकिन आंधी तेज होने की वजह से वॉटरप्रूफ टेन में भी पानी अंदर आने से जगह-जगह पानी एवं ओले भर गए।
आंधी बारिश शुरू होते ही बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। इस दौरान कैंप की मॉनिटरिंग करने आए केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत एक कक्ष में बैठकर खाना खा रहे थे। चूंकि लाइट गुल हो गई थी, तो उन्हें दिन में भी मोबाइल की रोशनी में गेट तक लाया गया, लेकिन स्वागत होर्डिंग उखड़ कर लटकने तथा सीएम एवं प्रभारी मंत्री के फोटो उल्टे लटक गए, तो मंत्री गोविंद सिंह बाहर जाने का रास्ता ढूंढते रहे।
फाड़ा होर्डिंग, बनाया रास्ता
मेगा हेल्थ कैंप में डॉक्टरों के कक्ष वाला गेट बंद हो जाने से मरीज व अन्य लोग चौतरफा भरे पानी की वजह से निकल नहीं पा रहे थे। गेट से जब होर्डिंग नहीं हटा, तो उसे फाड़कर उसमें se रास्ता बनाया।






