March 20, 2026
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी घायल, अलावदी के पास हुई घटना

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी घायल, अलावदी के पास हुई घटना
पिछोर के गोचोनी में किसान की पकी खड़ी गेहूं की फसल हुई स्वाहा

शिवपुरी। जिले के इंदार थाना क्षेत्र के देहरदा -ईसागढ़ रोड पर अलावदी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल है। वहीं बुधवार की शाम पिछोर के गोचोनी गांव में एक किसान की खेत में पकी खड़ी गेहूं की फसल स्वाहा हो गई।
आज दोपहर को ग्राम ख़तौरा निवासी नारायण कुशवाह (60) पुत्र बिहारी कुशवाह अपने साथी कमलेश कुशवाह के साथ बाइक पर सवार होकर एजवारा से अपने गांव ख़टौरा जा रहे थे। इसी बीच ग्राम अलावदी के पास कोई अज्ञात वाहन कुशवाह बंधुओं की बाइक में टक्कर मारकर भाग गया। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर तड़पने लगे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बदरवास अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने नारायण कुशवाह को मृत घोषित कर दिया, जबकि कमलेश का इलाज चल रहा है।
उधर पिछोर के गोचोनी गांव में रहने वाले वीरसाइ पुत्र भगवानदास लोधी के खेत में 5 बीघा एरिया में गेहूं की फसल पक कर तैयार थी। बीते बुधवार की शाम एकाएक गेहूं के खेत में आग लग गई। चूंकि फसल पकी हुई थी, इसलिए जब तक फायर बिग्रेड आग बुझाने पहुंची, तब तक खेत में फसल राख हो चुकी थी। पीड़ित किसान ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

कोतवाली पुलिस ने पकड़ी शराब व मवेशी

शिवपुरी शहर की सीमा पर कठमई के पास मुखबिर की सूचना पर कोतवाली टीआई कृपाल सिंह राठौड़ की टीम ने बुधवार को एक पिकअप वाहन रोक कर उसकी चेकिंग की। पिकअप वाहन के 11 भैंस व 5 पाड़िया ठूंस ठूंस कर भरी थीं। इतना ही नहीं इसी वाहन में रखी 4 कट्टों में 67 लीटर हाथ भट्ठी की बनी कच्ची शराब बरामद की। वाहन में सवार नासिर खान, वकील कुरैशी एवं आसिफ खान को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम एवं अवैध शराब का मामला दर्ज किया गया। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी बादल आदिवासी एवं बिट्टू आदिवासी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

नपा कर्मचारी की पत्नी व मां ने बिजली कंपनी को कनेक्शन काटने से रोका

शिवपुरी शहर के फिजिकल क्षेत्र के बिजली बिल के बकायादारों के कनेक्शन काटने के लिए बिजली कंपनी की टीम पहुंची। एक मकान पर 2 लाख रुपए से अधिक बिल बकाया होने पर जब कंपनी के कर्मचारी तार काटने की तैयारी कर रहे थे, तभी उस घर की महिला कमला बाथम ने उनसे तार छीन कर उनके साथ अभद्रता की। बिजली कंपनी पहले भी उनका कनेक्शन काट गई थी, जिसे उन्होंने फिर जोड़ लिया था।बताते हैं कि कमला का पति भुजाराम बाथम नगरपालिका में माली है, जबकि बेटा रिंकू बाथम नपा में फायर ब्रिगेड का चालक है। बावजूद इसके महिला ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाया।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी घायल, अलावदी के पास हुई घटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page