
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपनी एफबी आईडी पर कसा गुलामी का तंज, मूल भाजपा व आयातित के बीच गहरी हो रही खाई
नए साल पर मनाए गए जन्मदिवस महोत्सव में भी मूल भाजपाई रहे नदारद, आयातित ने ही मनाया हैप्पी बर्थडे
शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी ने नए साल के दूसरे दिन अपनी एफबी आईडी से एक स्लोगन डालते हुए गुलामी पर तंज कसा है। इस तरह के स्लोगन यह बता रहे हैं, कि मूल भाजपा और आयातित कांग्रेसियों के बीच की खाई गहरी होती जा रही है। महत्वपूर्ण बात यह है कि नए वर्ष पर जन्मदिवस मनाने वालों में भी मूल भाजपाई नदारद रहे।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान में ग्वालियर ग्रामीण के प्रभारी सुशील रघुवंशी ने 2 जनवरी की सुबह सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली, जिसमें लिखा है कदर उनकी करो, जो तुम्हारी करे..!, ज्यादा गुलामी में इज्जत की नीलामी होती है। यह लाइनें रघुवंशी ने तब लिखी हैं, जब बीते 1 जनवरी की शाम से लेकर रात तक क्षेत्रीय सांसद का जन्मदिन कुछ नेताओं ने मनाया। हालांकि जन्मदिन के उस जश्न में मूल भाजपा नेता नदारद रहे, जबकि आयातित कांग्रेसियों ने बढ़ -चढ़कर भागीदारी निभाई।
ज्ञात रहे कि पिछले माह खरई मंडल के अध्यक्ष गिर्राज धाकड़ का भी एक वीडियो आया था, जिसमें गिर्राज ने मूल भाजपाइयों का दर्द बया किया था। उस वीडियो के वायरल होने पर भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव ने गिर्राज को मंडल अध्यक्ष के पद से हटाने का पत्र जारी करवा दिया था, लेकिन जब उस खबर को SD न्यूज ने दिखाया, और पुराने भाजपा नेताओं का गिर्राज को सपोर्ट मिला, तो फिर जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव ने एक और पत्र जारी किया, जिसमें गिर्राज को इस तरह के वीडियो जारी पड़ने पर चेतावनी लिखी हुई थी।
इन अब हालातों को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि मूल भाजपा नेताओं और आयातित कांग्रेसियों के बीच की खाई और भी अधिक बड़ी होती जा रही है। शायद यही वजह है कि शिवपुरी की भाजपा जिला कार्यकारिणी भी इसी खींचतान के फेर में अभी तक अटकी हुई है।







