
मैत्रीपूर्ण मैच में पत्रकारों ने लुटाया प्यार-प्रशासन ने किया निर्मम प्रहार, परिणाम: 76 रन से एकतरफा हराया कमेटी (पत्रकार एकादश) को
पत्रकारों ने जमकर लुटाए रन, बनाने में 9 खिलाड़ी नहीं छू पाए दहाई का आंकड़ा, शतक लगाकर अभिषेक ने बचाई लाज
शिवपुरी शहर के पोलो ग्राउंड में आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के आखिरी दिन रविवार को खेले गए एक मैत्रीपूर्ण मैच में पत्रकारों ने मित्रता निभाते हुए प्रशासन एकादश को लॉलीपॉप गेंदबाजी कर एक मजबूत स्कोर बनाने का मौका दिया। पत्रकारों ने जमकर रंग तो लुटाए, लेकिन जब बनाने की बारी आई तो 9 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। शुक्र हो अभिषेक का, जिन्होंने अकेले ही शतक लगाकर पत्रकार एकादश की शर्मनाक हार को टाल दिया। अपना तो सुझाव यह है कि जब प्रशासन खेल को गंभीरतापूर्वक खेलने मैदान में उतरा था, तो फिर पत्रकारों ने अपना व्यवहार मजबूत करने के लिए इस हद तक समझौता क्यों किया..?
टॉस जीतकर प्रशासन एकादश ने पहले बेटिंग करने का निर्णय लिया। ओपनिंग करने आए कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी और एसपी अमन सिंह राठौड़ ने धुआंधार बेटिंग करते हुए शतकीय साझेदारी निभाई। एसपी ने जहां 6 छक्के और 8 चौकों की मदद से 42 बॉल में 85 रन बनाए, वहीं कलेक्टर ने 6 चौकों की मदद से 31 गेंदों में 50 रन बनाकर नॉट आउट रहे। पोहरी एसडीएम अनुपम शर्मा ने महज 16 गेंदों में 56 रन की पारी खेली, जबकि करेरा एसडीएम अनुराग 5 रन बनाकर नाबाद रहे। प्रशासन ने 15 ओवर में 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
पत्रकार एकादश की ओर से अधिकारियों को लॉलीपॉप गेंदे कुछ ऐसी डालीं कि सत्यम ने 3 ओवर में 50 रन, लोकेंद्र सेंगर ने 1 ओवर में 24 रन, अवधेश ने 3 ओवर में 45 रन एवं हेमंत ओझा ने 2 ओवर में 24 एवं परवेज ने 3 ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया।
थोकबंद रन देकर अपनी मित्रता निभाने वाले पत्रकारों की जब बेटिंग का नंबर आया तो प्रशासन ने अपने तेज तर्रार बॉलर लगाए। जिसमें पुलिस के खिलाड़ी संदीप ने एक ही ओवर में 3 बोल्ड मारकर पत्रकार एकादश की कमर तोड़ दी। पत्रकारों में हेमंत ने 4, नरेंद्र 0, नेपाल 4, राम 0, रिंकू 6, सत्यम 4, अवधेश 0, परवेज 1, दीपक 0 व अभिषेक ने 107 रन बनाए। इस तरह पत्रकार एकादश 140 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह प्रशासन एकादश 76 एन से मैच जीत गया।
इनाम होते ही गिरा एसपी का विकेट
प्रशासन की ओपनिंग जोड़ी में कलेक्टर के साथ मिलकर जब एसपी अमन सिंह राठौड़ चौके-छक्के लगा रहे थे, तभी पटेल फर्म ने एसपी का विकेट लेने वाले को 5100 रुपए देने की घोषणा की। जैसे ही इनाम की राशि घोषित हुई, पत्रकार परवेज ने यॉर्कर बॉल पर एसपी को बोल्ड कर दिया। आउट होने के बाद जब एसपी पवेलियन में पहुंचे तो उन्होंने माइक पर कहा कि मुझे सुझाव मिला है कि मेरे विकेट पर इनाम घोषित करने वाले पर हम भी इनाम कर दें। यह बात सुनकर पटेल फर्म के संचालक के चेहरे पर शिकन देखी गई।
कॉमेंट्री करने वाले ने भी दिया प्रशासन का साथ
मैच की कॉमेंट्री के रहे पत्रकार बृजेश तोमर ने भी पूरे मैच में जहां प्रशासन का मनोबल बढ़ाने का काम किया, तो वहीं पत्रकारों की जमकर खिल्ली उड़ाई। पत्रकारों की लॉलीपॉप बॉल देखकर तो दर्शक भी बोलने लगे थे कि ऐसे मैच का क्या फायदा, जब सामने वाली टीम पूरी दमखम लगा रही है।







