
थोक सब्जी मंडी से हटवाया अतिक्रमण, दी सख्त चेतावनी: सड़क पर सब्जी बिकी तो जब्त होगी
सड़क पर ही सब्जी मंडी सजने से स्कूल बसों से लेकर दुपहिया वाहन और पैदल निकलना होता था मुश्किल
शिवपुरी। शहर के थोक सब्जी मंडी में हर रोज सुबह लगने वाले जाम की शिकायतें जब अधिक हो गईं, तो शुक्रवार की सुबह ट्रैफिक प्रभारी अपने अमले के साथ मंडी पहुंच गए। वहां पर हालात बेकाबू थे, और पूरी मंडी ही सड़क पर संचालित हो रही थी। अस्थाई कब्जों को हटवाकर ट्रैफिक प्रभारी ने चेतावनी दी कि यदि अब सड़क पर मंडी लगाई तो सब्जी जब्त कर लेंगे। ट्रैफिक पुलिस की कार्यवाही के बाद सड़क पर आवागमन सुलभ हो पाया। यहां बड़ा सवाल यह भी है कि क्या ट्रैफिक पुलिस हर रोज सुबह इसी तरह व्यवस्था सुधारने या देखने आएगी..?
गौरतलब है कि सुबह 5 बजे से लेकर 11 बजे तक गांधी पार्क से न्यू ब्लॉक जाने का रास्ता बंद हो जाता है। यह हालात इसलिए बनते हैं, क्योंकि थोक सब्जी मंडी में आने वाली सब्जी को ट्रक से लेकर ट्रॉलियों में सड़क पर ही रखकर बेचा जाता है। इन वाहनों से सब्जी खरीदने वाले खेरीज सब्जी विक्रेता उन वाहों पास अपने ठेले या ऑटो लगाकर सब्जी भरवाते हैं, जिसके चलते यह पूरा रोड ही जाम हो जाता है। स्थिति इतनी अधिक खराब हो जाती है कि दुपहिया वाहन तो दूर पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है।
थोक सब्जी मंडी के सामने हर रोज सुबह लगने वाले जाम की वजह से स्कूल बसें उस रोड से नहीं निकल पातीं। स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों को भी दूसरे रास्ते से होकर निकलना पड़ता था। सड़क पर लगने वाले जाम का लाइव SD न्यूज पर भी दिखाया गया था। आमजन की इस समस्या को देखते हुए ट्रैफिक प्रभारी रणवीर यादव ने आज सुबह अपने अमले के साथ पहुंचकर जाम सड़क को आवागमन के लिए खुलवाया, तथा सब्जी विक्रेताओं को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि अब सड़क पर सब्जी बिकती दिखी, तो फिर तुम्हारा माल जब्त कर लिया जाएगा।

सब्जी विक्रेताओं को समझाइश देते ट्रैफिक प्रभारी







1 thought on “थोक सब्जी मंडी से हटवाया अतिक्रमण, दी सख्त चेतावनी: सड़क पर सब्जी बिकी तो जब्त होगी”