
नपा धमाल: पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष की दिल्ली जाने की उड़ी रूमर, कांग्रेस के गए भोपाल
नवागत कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बनाया नेता प्रतिपक्ष पर दबाव, तो बोलीं शशि: लिखित में ले आओ
शिवपुरी। नगरपालिका शिवपुरी में चल रहे धमाल के बीच सोमवार की शाम एकाएक यह रूमर उड़ी कि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिल्ली रवाना हो गए। हालांकि यह तो अफवाह निकली, लेकिन कांग्रेस के नवागत जिलाध्यक्ष आज देश की नहीं, बल्कि प्रदेश की राजधानी यानि भोपाल निकल गए। जाने से पहले नपा में नेता प्रतिपक्ष से जब गायत्री के लिए समर्थन मांगा, तो शशि ने कह कि आप लिखित में दे दो।
आज शाम एकाएक शहर में एक चर्चा जोर पकड़ गई कि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम अपने साथ 9 पार्षद और नपाध्यक्ष को लेकर दिल्ली रवाना हो गए। इस रूमर पर इसलिए भी भरोसा हुआ, क्योंकि वर्तमान जिलाध्यक्ष के जन्मदिन की पार्टी में वो शामिल नहीं हुए। जब चर्चा को पुष्ट करने के लिए राजू बाथम को फोन लगाकर पूछा, तो वे बोले कि मुझे वीडियो कॉल करो, तो मैं चांदनी चौक दिखाऊंगा।जब वीडियो कॉल किया, तो वो अपने घर के आंगन में झूला झूल रहे थे। बाथम ने कहा कि आपसे पहले 4 ख़बरनवीसों को भी में वीडियो कॉल पर घर का चांदनी चौक दिखा चुका हूं।
उधर कांग्रेस के नवागत जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल की नपाध्यक्ष के साथ छत्री रोड पर एक बैठक की चर्चा पुष्ट हो गई थी। वहीं आज मोहित भोपाल के लिए रवाना हो गए, और जाने से पहले उन्होंने नेता प्रतिपक्ष शशि शर्मा से कथित तौर पर गायत्री को सपोर्ट करने की बात कही। शशि ने बताया कि मैने तो स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि आपको जो भी कहना है, वो मुझे लिखित में चाहिए। बताते हैं कि नवागत जिलाध्यक्ष यह कहकर भोपाल रवाना हुए कि मैं प्रदेश अध्यक्ष से फोन लगवाऊंगा, तब तो मानोगी। हालांकि रात साढे 9 बजे तक कोई फोन नहीं आया।
बड़ा सवाल यह भी है कि नगरपालिका में चल रही नपाध्यक्ष की मनमानी के खिलाफ आवाज बुलंद करने वालों में भाजपा पार्षदों के साथ कांग्रेस के पार्षदों ने भी आवाज बुलंद की, और हस्ताक्षर अभियान का आंकड़ा 32 तक पहुंच गया। अब ऐसी स्थिति में कांग्रेस के नवागत जिलाध्यक्ष का एकाएक भाजपा की नपाध्यक्ष के प्रति झुकाव, कांग्रेसी पार्षदों के अलावा आमजन की समझ से भी परे है।
1 thought on “नपा धमाल: पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष की दिल्ली जाने की उड़ी रूमर, कांग्रेस के गए भोपाल”