
पहली बारिश में ही धसकी थीम रोड की सड़क, खुला सड़क के नाम पर भ्रष्टाचार बोले सीएमओ: ठेकेदार का नहीं करेंगे भुगतान, अभी हमने नहीं ली हैंडओवर
शिवपुरी। जिले के करेरा नगर में बनी सड़क रविवार को हुई पहली बारिश में ही धसक गई। सड़क के टूटते ही नगर परिषद में निर्माण कार्यों में चल रहा भ्रष्टाचार भी उजागर हो गया। उधर नगर परिषद सीएमओ का कहना है कि अभी हमने सड़क हैंडओवर नहीं ली, और हम ठेकेदार का भुगतान भी रोक देंगे।
ज्ञात रहे कि करेरा में फोरलेन से गल्ला मंडी तक बनाई गई डेढ़ किमी लंबाई वाली सड़क का निर्माण थीम रोड के नाम पर नगर परिषद ने कराया। सड़क को बने हुए अभी अधिक समय भी नहीं हुआ था कि रविवार को हुई 3-4 घंटे की झमाझम बारिश में अडके का एक हिस्सा धसक गया। सड़क के धसकने से उसमें किया गया भ्रष्टाचार भी खुलकर सामने आ गया। चूंकि सड़क अभी कुछ समय पहले ही बनी है, और सीएमओ पूरन कुशवाह का कहना है कि अभी हमने उसे हैंडओवर नहीं लिया है। साथ ही उनका यह भी कहना है कि हम ठेकेदार का भुगतान भी रोक देंगे। महत्वपूर्ण बात यह है कि करेरा नगर परिषद में ठेकेदार किस गुणवत्ता का काम कर रहे हैं, यह भी आज धसकी सड़क ने उजागर कर दिया।







