
श्योपुरा का जीवनलाल पाल गायब, चक्काजाम कर रही महिला को मारा चांटा, पुलिस पर किया पथराव
परिवार ने पार्टनर पर जताया संदेह, नहीं पकड़ रही थी पुलिस, तो किया था जाम, मील किया सील, संदेही को पकड़ ले गई
शिवपुरी। जिले की करेरा विधानसभा पिछले कुछ समय से चर्चा में बनी हुई है। अभी 7 सरकारी कर्मचारियों पर दर्ज हुए मामले की चर्चा ठंडी भी नहीं हुई थी कि बीते शनिवार की दोपहर चक्का जाम कर रहे महिला-पुरुषों ने पथराव कर दिया। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि जाम खुलवाने आए करेरा टीआई के साथ आए एक प्राइवेट कपड़ों वाले व्यक्ति ने जाम कर रही एक महिला में चांटा मार दिया। बस फिर क्या था, पथराव और झूमाझटकी हो गई। इतना सब होने के बाद भी करेरा के कुछ लोग लिख रहे हैं कि ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं है।
यह था मामला::
कोटा-झांसी फोरलेन हाइवे किनारे करेरा तहसील का श्योपुरा गांव बसा हुआ है। जिसमें पाल समाज के परिवार अधिक हैं। गांव में रहने वाले मायाराम साहू और जीवनलाल पाल ने पार्टनरी में मूंगफली दाना मिल शुरू की थी। दोनों पार्टनरों के बीच राशि के लेनदेन का कुछ विवाद हो गया था, तथा साहू अपने लगभग 25 लाख रुपए जीवनलाल पर निकलना बता रहा था। बीते शुक्रवार की देर शाम जीवनलाल दाना मिल पर सोने के लिए आया। जीवन के भतीजे अभिषेक ने बताया कि मिल के पड़ोस में मौजूद दुकानदार बता रहे थे कि रात में साहू और पाल के बीच तेज आवाज में बातचीत होते हुए उन्होंने सुनी थी।
सुबह गायब हुआ जीवनलाल पाल
शनिवार की सुबह जब जीवनलाल घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने मिल पर देखा, तो वो वहां नहीं था। उसका मोबाइल व बाइक भी वहीं पर रखे मिले, लेकिन जीवनलाल मिला लापता।परजिनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए पड़ोसी दुकानदारों की बात के आधार पर मायाराम साहू पर संदेह जताया।
पुलिस ने नहीं की कार्रवाई, तो लगाया जाम
गुमशुदगी दर्ज होने एवं संदेही बताए जाने के बाद भी जब मायाराम बाहर घूमता दिखा, तो परिजनों ने नाराजगी में हाइवे जाम कर दिया। देर दोपहर जब पुलिस पहुंची, और महिला में चांटा मारा तो क्रिया की प्रतिक्रिया हो गई। बाद में पुलिस मायाराम को पकड़ ले गई, तथा दाना मिल को सील कर गई। जीवनलाल के लापता होने का फोटो भी वायरल किया गया है। इस घटना के वीडियो गांव के कुछ लोगों ने बनाए थे, जिन्हें पुलिस ने मोबाइल छीन कर डिलीट कर दिए थे।






