
पोहरी के कांग्रेस विधायक को दो बार के जिलाबदर अपराधी ने दी फोन पर धमकी
कोतवाली में दर्ज हुआ मामला, विधायक ने जताई किसी के उकसाने की आशंका, जमीन के मामले की भी चर्चा
शिवपुरी की पोहरी विधानसभा से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह को बीते 7 दिसंबर की रात को एक धमकी भरा फोन आया। फोन पर धमकाने वाला दो बार का जिलाबदर सहित कई गंभीर मामलो में आरोपी है। हालांकि बदमाश ने ऐसा क्यों किया, इसका कारण विधायक भी नहीं बता पा रहे, बल्कि उन्होंने किसी के द्वारा उकसाए जाने की आशंका जताई है। उधर चर्चा है कि जमीन का कोई विवाद हो सकता है।
पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह ने सोमवार को एसपी कार्यालय में शिकायत की है कि उनके पास रविवार रात करीब 8.30 बजे ग्राम सिंहनिवास निवासी प्रभात रावत ने गाली-गलौंच की और फिर जान से मारने की धमकी देने लगा। विधायक ने जब गाली देने के साथ जान से मारने की धमकी देने का कारण पूछा तो उसने कोई वजह नही बताई तथा फिर से धमकाया। घटना के बाद विधायक दहशत में आ गए। सोमवार सुबह वह सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे और प्रभात रावत पर केस दर्ज कराने की मांग की। कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रभात रावत पर गाली-गलौंच व जान से मारने की धमकी सहित आईटी एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।







