
मूलभूत सुविधाओं से महरूम शिवपुरी शहर की जनता अपने दर्द भुलाकर स्वागत सत्कार में सबसे आगे
शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर थीम रोड के डिवाइडर पर लगे स्वागत वंदन अभिनंदन के दर्जनों होर्डिंग बैनर
शिवपुरी शहर की जनता से यदि मूलभूत सुविधाओं के बारे में पूछ लिया जाए तो हर किसी के पास लंबी फेहरिस्त होगी। इतनी तकलीफों में रहने वाला यह शहर स्वागत सत्कार करने में पीछे नहीं है। माधव चौक पर पहले से बैनर होर्डिंग लटके हुए हैं, अब थीम रोड के डिवाइडर भी भर दिए गए। सांसद के पुत्र हैं, और मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं, तो उनका स्वागत होना चाहिए, लेकिन वो अपने इस रोड शो के बाद अपने डैडी को यह तो बता सकते हैं, कि शिवपुरी शहर में पिछले 13 दिन से सिंध का पानी न आने से सर्दी में जलसंकट झेल रहे हैं लोग, कई इलाकों में अलसुबह 4 बजे लाइट काट दी जाती है, जो दोपहर 12 बजे आती है, अपने महल के नाम पर बनी महल कॉलोनी में दुपहिया वाहन से तो दूर पैदल निकलना मुश्किल होता है।
महान आर्यमन सिंधिया मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार शिवपुरी शहर में आ रहे हैं। जिसके चलते उनके स्वागत की तैयारियां शहर में जोर शोर से चल रही हैं। स्वागत की परंपरा तो हमारे यहां पुरानी है, लेकिन यदि स्वागत के होर्डिंग-बैनर में खिलाड़ियों के नाम और फोटो होते, तो जरूर यह लगता कि क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष का स्वागत वो खिलाड़ी कर रहे हैं, जो अपना भविष्य क्रिकेट में तलाश रहे हैं, और वो मध्यप्रदेश की टीम के लिए खेलने की तैयारी में हैं। शहर में जो बैनर होर्डिंग लगे हैं, उनमें वो ही चंद नेताओं के चेहरे हैं, जो अपना जनमत भी खो चुके हैं।
शहर की जनता में यह चर्चा सरगर्म है कि हम सर्दी के मौसम में भी 600 रुपए का टैंकर खरीदने को मजबूर हैं, सुबह बिजली गुल हो जाने से अंधेरे में महिलाएं अपने स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए नाश्ता बना रही हैं, बाजार में आवारा मवेशियों का जमाबड़ा देखकर समझ नहीं आता कि शहर है या तबेला..?, नगरपालिका में खुला भ्रष्टाचार चल रहा है, बावजूद इसके बदहाल शहर को बैनर होर्डिंग से सजाया जा रहा है…!







