
खूबत घाटी अभी भी खतरे की घंटी, जीजा के साथ जा रहे साले को तेज रफ्तार कार ने उड़ाया
अंडर गेटपास फोरलेन के बीच डिवाइडर में क्रॉसिंग न होने से खूबत मंदिर से लौटने वालों की जान पर मंडरा रहा खतरा
शिवपुरी।जिले से गुजरे आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर खूबत घाटी पहले भी ब्लैक स्पॉट था, जो फोरलेन बनने के बाद भी डेंजर जोन है। बीती शाम एक 23 वर्षीय युवक को एक तेज रफ्तार कार ने उड़ा दिया, जबकि उसका जीजा गम्भीर रूप से घायल है। महत्वपूर्ण बात यह है कि अंडर गेटपास फोरलेन के डिवाइडर में कहीं भी क्रॉसिंग न होने से खूबत के पास इस तरह के हादसे भविष्य में भी हो सकते हैं।
शुक्रवार की शाम को गोवर्धन पोहरी निवासी छोटू (23) पुत्र गिरवर रजक अपने जीजा सोनू रजक के साथ खूबत मंदिर पर पूजा करने के बाद रोंग साइड से ही बाइक से वापस लौट रहा था। चूंकि खूबत का अंधा मोड अभी तक खत्म नहीं हुआ है, इसलिए शिवपुरी की तरफ से जा रही एक तेज रफ्तार कार को बाइक तब नजर आई, जब जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में जीजा और साला, दोनों गंभीर घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां छोटू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनू का इलाज चल रहा है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
होटलों पर छापामारी में 16 सिलेंडर जब्त
ईरान में चल रहे युद्ध का असर गैस सिलेंडरों पर कुछ ऐसा पड़ा कि घर की महिलाएं अब कुकर में सभी खाना बनाने लगीं, तो वहीं नाश्ता एवं होटल संचालकों के सामने रोजगार की समस्या खड़ी हो गई। आज पोहरी के बैराड़ में संचालित नाश्ता एवं खाने के होटलों पर जब प्रशासन ने छापामार कार्यवाही की तो वहां दिखाने के लिए कमर्शियल सिलेंडर रखे थे, लेकिन काम घरेलू सिलेंडर से चल रहा था। ऐसे 16 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए गए। इस कार्यवाही के बाद अब नाश्ता व खाना खिलाने वाले होटलों का धंधा ठप हो गया।






